कटिहार : कटिहार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां इलाज के नाम पर एक मरीज की जिंदगी चली गई। शरीफगंज स्थित विश्वास हेल्थ क्लिनिक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान आजमनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर बेरिया गांव के प्रकाश चौधरी के रूप में हुई है। मरीज की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने क्लिनिक परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
साधारण पेट दर्द के इलाज के नाम पर उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई – परिजन
परिजनों का कहना है कि साधारण पेट दर्द के इलाज के नाम पर उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई। मृतक की पत्नी निर्मला देवी ने रोते-बिलखते बताया कि क्लिनिक के डॉक्टर मो आरिफ ने पेट में पथरी बताकर तत्काल ऑपरेशन की बात कही और इसके लिए 35 हजार रुपए ले लिए। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद प्रकाश चौधरी की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। बाद में दूसरे स्थान पर जांच कराई गई तो पता चला कि ऑपरेशन के दौरान पेट की एक नस मुड़ गई थी। इसके बावजूद डॉक्टर ने भरोसा दिलाया और मेडिकल कॉलेज में दोबारा, फिर तीसरी बार ऑपरेशन कराया गया।

पति की जान बचाने के लिए उन्होंने करीब 5 लाख खर्च कर दिए – निर्मला देवी
निर्मला देवी का कहना है कि पति की जान बचाने के लिए उन्होंने करीब पांच लाख रुपए खर्च कर दिए। इलाज के लिए जमीन तक बेचनी पड़ी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनके पति को नहीं बचाया जा सका। पति की मौत के बाद तीन छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर वह बेसहारा हो गई हैं और इंसाफ की गुहार लगा रही हैं।

आरोप है कि तबतक डॉक्टर, क्लिनिक संचालक और स्टाफ फरार हो चुके थे
मौत की खबर मिलते ही परिजन क्लिनिक पहुंचे, लेकिन आरोप है कि तबतक डॉक्टर, क्लिनिक संचालक और स्टाफ फरार हो चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल परिजन दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। मामले को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
यह भी देखें :
यह भी पढ़े : युवक को छुड़ाने पहुँची पुलिस से ग्रामीणों की भिड़ंत, वीडियो वायरल… मामूली टक्कर बना बवाल का कारण…
रतन कुमार की रिपोर्ट
Highlights


