नौबतपुर : नौबतपुर प्रखंड के पाली गांव में असामाजिक तत्वों ने गांव के राजकीय मध्य विद्यालय की पानी टंकी में जहरीला पदार्थ डाल दिया है। जिससे बच्चों और शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है। इस घटना की जानकारी सबसे पहले विद्यालय की प्राचार्या खुशबू कुमारी को हुई, जब वह स्कूल में पानी भरने गई। नल खोलने पर पानी से अजीब तरह की महक आने लगी जिससे प्राचार्या को पानी में कुछ मिला होने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने स्कूल की पानी की टंकी की जांच की तो पाया कि उसमें काफी सारा सफेद झाग है और अजीब सी दुर्गंध उठ रही है।
प्राचार्या ने इसकी सूचना स्थानीय थाना और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी। इसके बाद पुलिस स्कूल पहुंची और पानी की टंकी की जांच की। पुलिस ने पानी का सैंपल एफएसएल जांच के लिए भेज दिया है। इस मामले में थाना अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि अभी तक स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई लिखित आवेदन नहीं आया है। आवेदन आने के बाद मामले की गंभीरता पूर्वक जांच की जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
अवनीश कुमार जोशी की रिपोर्ट

















