पटना : 15, 16 और 17 जनवरी को मनाए जाने वाले दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 357वें प्रकाश पर्व को लेकर आज प्रभात फेरी निकाली गई। पंच प्यारों की अगुवाई में तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से निकाली गई प्रभात फेरी नगर भ्रमण करता हुआ वापस तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब पहुंचा। प्रभात फेरी में श्रद्धालु वाहेगुरु वाहेगुरु का मंगल पाठ करते नजर आए।
15 जनवरी को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब से श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी प्रभात फेरी निकाली जाएगी। वहीं 16 जनवरी को गायघाट गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। अगले दिन 17 जनवरी को तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के विशेष दीवान में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व पूरे धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। जिसमें देश विदेश से आए हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। प्रकाश पर्व को लेकर सिख श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अविनाश सिंह की रिपोर्ट




