पटना : मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम में अब जल्द सहकारी चीनी मिल खुलेगी। मिल की स्थापना के लिए सहकारिता विभाग तेजी से आवश्यक कदम उठा रहा है। विभाग ने इसके लिए बीते 23 फरवरी को पटना में राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (NFCSF) नई दिल्ली के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इसके बाद एनएफसीएसएफ टीम मधुबनी और दरभंगा जाकर क्षेत्र अध्ययन कर रही है।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला ईख पदाधिकारी भी मौजूद थे
एनएफसीएसएफ के मुख्य गन्ना सलाहकार डॉ. आरबी डोले एवं तकनीकी सलाहकार केएम चौधरी ने सकरी में प्रस्तावित सहकारी चीनी मिल के संभाव्यता प्रतिवेदन एवं डीपीआर तैयार करने के लिए सकरी चीनी मिल का स्थल निरीक्षण कर स्थानीय किसानों से बातचीत की है। इस दौरान जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला ईख पदाधिकारी भी मौजूद थे। वहीं मंगलवार 24 फरवरी को ही रैयाम (दरभंगा) में एनएफसीएसएफ की टीम ने कार्य प्रारंभ कर दिया था।

NFCSF पहले चरण में संभाव्यता प्रतिवेदन तैयार कर सहकारिता विभाग को सौंपेगी
एनएफसीएसएफ पहले चरण में संभाव्यता प्रतिवेदन तैयार कर सहकारिता विभाग को सौंपेगी। जिसकी मंजूरी के बाद चीनी मिल की स्थापना के लिए डीपीआर तैयार कर दिया जाएगा। डीपीआर की मंजूरी के बाद कार्यान्वयन एजेंसी निर्धारित कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद अब एनएफसीएसएफ टीम दरभंगा एवं मधुबनी जाकर क्षेत्र अध्ययन कर रही है।

पावर जेनरेशन, इथेनॉल और CBG का भी होगा उत्पादन
सकरी एवं रैयाम में गन्ना कॉम्पलेक्स का निर्माण प्रस्तावित है जिसमें चीनी उत्पादन के साथ-साथ पावर जेनरेशन, इथेनॉल उत्पादन तथा कॉम्प्रेस्ड बायो गैस (CBG) उत्पादन भी शामिल है। बंद पड़ी सकरी चीनी मिल में 30.848 एकड़ और रैयाम चीनी मिल में 68.176 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिसे सहकारिता विभाग को हस्तांतरित करने की कार्रवाई चल रही है।

NFCSF नई दिल्ली के अनुभव का होगा लाभ
एनएफसीएसएफ को अन्य परामर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की भी जिम्मेवारी सौपी गई है। देश के विभिन्न राज्यों में चीनी मिल की स्थापना, पुनरुद्धार में एनएफसीएसएफ नई दिल्ली को काफी अनुभव प्राप्त है। ऐसे में माना जा रहा है कि इसके तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से बिहार में आधुनिक तकनीक से लैस सहकारी चीनी मिलों की स्थापना होगी। इससे राज्य के उद्योग में समृद्धि होगी और एक बड़ी आबादी को रोजगार मिलेगा।

यह भी पढ़े : गन्ना किसानों को राहत, 27 फरवरी को चीनी मिलों में यंत्र कैंप का आयोजन
Highlights


