रांची: राजधानी रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से बुधवार को 17 जगहों पर जन शिकायत समाधान कैंप का आयोजन किया जाएगा। इन कैंपों में संबंधित थाना क्षेत्र के निवासी अपनी शिकायतें और समस्याएं वरीय पुलिस अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
एसएसपी रांची के निर्देश पर यह विशेष पहल की गई है, जिसका उद्देश्य आम जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। यह कैंप सुबह 11 बजे से शुरू होंगे और विभिन्न थाना परिसरों और प्रखंड कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।
जनता द्वारा दी गई शिकायतों का समाधान मौके पर ही करने की कोशिश की जाएगी। यदि किसी मामले का तत्काल समाधान नहीं निकलता है तो उसमें एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जन शिकायत समाधान कैंप लगने वाले स्थानों में शामिल हैं:
पुलिस लाइन कांके रोड
खेलगांव थाना परिसर
प्रखंड कार्यालय: अनगड़ा, सिल्ली, खलारी, रातु, नगड़ी
थाना परिसर: मांडर, बेड़ो, लापुंग, इटकी, डोरंडा, जगन्नाथपुर, नामकुम, कांके, पिठोरिया
अनुमंडल कार्यालय बुंडू
इस कार्यक्रम के जरिए पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।