Ramgarh: हाथियों के हमले से 6 की मौत…पीड़ित परिवार से मिले सांसद मनीष जायसवाल, जताया दुख…घटना के लिए सरकार को ठहराया जिम्मेदार

Ramgarh: हाथियों के हमले से 6 की मौत – हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के चुरचू प्रखंड अंतर्गत गोंदवार गांव में प्रकृति और मानव के बीच बढ़ते असंतुलन ने उस वक्त एक भयावह रूप ले लिया, जब हाथियों के झुंड ने एक ही रात में छह मासूम जिंदगियों को बेरहमी से कुचलकर खत्म कर दिया। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां का मंजर अत्यंत पीड़ादायक था, जहां टूटे हुए कच्चे मकानों के मलबे और अपनों को खोने का चीत्कार गूंज रहा था। आसपास के लोग इस घटना और वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर आक्रोश में है।
हाथियों के हमले से 6 की मौत – पीड़ित परिवार को सांसद ने बढ़ाया ढ़ाढस
सांसद मनीष जायसवाल ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर एक-एक शव का अवलोकन किया और पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उन्हें इस गहरे दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। मृतकों में दीपक कुमार की पत्नी सविता कुमारी, उनका आठ माह का शिशु अनुराग, चार वर्षीय पुत्री संजना, बुजुर्ग पिता सूरज राम और बसंत कुमार की पत्नी सुमन कुमारी सहित एक अन्य ग्रामीण शामिल थे। एक ही परिवार के चार सदस्यों का इस तरह चले जाना किसी भी कलेजे को चीर देने के लिए काफी था ।

‘शांत जीवों को माइंस में होने वाले धमाके ने बनाया हिंसक’

घटनास्थल पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने इस त्रासदी के पीछे के असल कारणों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हाथियों की यह उग्रता स्वाभाविक नहीं है, बल्कि यह इंसानी घुसपैठ और वर्तमान झारखंड सरकार के संरक्षण में इस क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध खनन के काले कारोबार का नतीजा है। जंगलों का विनाश और हाथियों के सदियों पुराने गलियारों में अवैध माइंस के जरिए होने वाले भारी धमाकों ने इन शांत जीवों को हिंसक बना दिया है।

 

रात के सन्नाटे में अवैध माइंस में धमाके की गूंज और वाहनों का अनियंत्रित परिचालन हाथियों के प्राकृतिक व्यवहार को अस्त-व्यस्त कर रहा है, जिसका खामियाजा निर्दोष ग्रामीणों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। सांसद मनीष जायसवाल ने स्पष्ट किया कि जब तक अवैध माइंस पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगता और वन क्षेत्र को सुरक्षित नहीं किया जाता, तब तक यह द्वंद्व थमने वाला नहीं है।

मृतक के परिजनों को वन विभाग में मिलेगी नौकरी?

वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने जिला प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर ही वार्ता की और ग्रामीणों की मांगों को जायज मनवाया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के जीविकोपार्जन के लिए परिवार के एक सदस्य को वन विभाग में नौकरी दिलाने की विभागीय अनुशंसा करने और सभी मृतकों के आश्रितों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने पर सहमति बनाई। तत्काल राहत के रूप में प्रत्येक मृतक के नाम पर 25 हजार रुपये की राशि आवंटित कराई गई और विभागीय अधिकारियों ने एक माह के भीतर शेष मुआवजा राशि देने का भरोसा दिया।

साथ ही हाथियों के हमले से सुरक्षा के लिए प्रभावित इलाकों में रहने वाले कच्चे मकानों के मालिकों को तत्काल प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान आवंटित करने की दिशा में सकारात्मक पहल करने और ग्रामीणों को आधुनिक लाइट, टॉर्च व विशेष प्रशिक्षण से लैस करने के निर्देश दिए। सांसद मनीष जायसवाल ने भावुक स्वर में कहा कि सरकार, प्रशासन और वन विभाग की तत्परता और हम सबकी सामूहिक जागरूकता ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोक सकती है।

विधायक निर्मल महतो समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

 

इधर प्रशासन और वन विभाग की टीम शवों के पोस्टमार्टम प्रक्रिया में जुट गई है। मौके पर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ़ तिवारी महतो, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, प्रशिक्षु आइएफएस राजेश कुमार, रेंज ऑफिसर विजय कुमार, स्थानीय डीएसपी बैजनाथ कुमार, स्थानीय सीओ सह बीडीओ ललित राम, चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्नीनी, आंगो थाना प्रभारी जानू कुमार, चुरचू की मुखिया पूनम बेसरा,मांडू विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, चुरचू मंडल सांसद प्रतिनिधि फुलेश्वर महतो, चुरचू भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि कुमार, आंगो पंचायत सारथी राजेंद्र प्रजापति, सांसद मनीष जायसवाल के लोकसभा क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

Pakur Murder Case: पाकुड़ में हत्या के दोषी को उम्रकैद, कोर्ट...

Pakur Murder Case: अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद की अदालत ने महेशपुर थाना कांड संख्या 169/2023 में हत्यारोपी सोबेन मरांडी को...

Jharkhand Tree Rakhi Campaign: रक्षाबंधन पर झारखंड के 700 गांवों में...

Jharkhand Tree Rakhi Campaign: रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड में पर्यावरण संरक्षण को लेकर अनोखी पहल की जा रही है। शुक्रवार को राज्य के 24...

RIMS MBBS Admission 2026: रिम्स में MBBS दाखिले से पहले होगी...

RIMS MBBS Admission 2026: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में इस बार 250 एमबीबीएस सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया में जाति प्रमाण पत्रों की...