रांची: गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन संतोष यादव से मुलाकात की। उन्होंने रांची-रामगढ़ एनएच 20 के चुटूपालू घाटी में बार-बार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग की। सांसद ने इस पर जोर देते हुए कहा कि सड़क के लिए अधिग्रहित भूमि का भुगतान भी शीघ्र किया जाए। चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि चुटूपालू घाटी के लिए अलग से सड़क बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
सांसद चौधरी ने जैनामोड़ से देवघर तक वाया बेरमो, नावाडीह, डुमरी, ससारखों, नारायणपुर, मधुबन और गिरिडीह तक फोरलेन सड़क बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने तोपचांची प्रखंड के कोटलडीह और जरीडीह प्रखंड में बांधडीह के मांझीडीह चौक पर अंडरपास निर्माण की भी मांग रखी।
रायगंज के लोहपीटी क्षेत्र में अधिग्रहित भूमि के लंबित भुगतान का मामला उठाते हुए सांसद ने कहा कि यह भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। चेयरमैन ने इस मुद्दे पर रांची क्षेत्रीय कार्यालय को निर्देश देने और स्थल निरीक्षण के साथ फिजिबिलिटी रिपोर्ट मंगाने की बात कही। सांसद ने गोविंदपुर एनएच-19 से गिरिडीह तक सड़क को फोरलेन करने, डुमरी मोड़ केवी हाईस्कूल के पास अंडरपास निर्माण, और गुझाडीह मोड़ में आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) बनाने पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। इसके साथ ही गोला से रामगढ़ तक फोरलेन सड़क निर्माण की मांग की।
सांसद चौधरी की इन मांगों पर एनएचएआई चेयरमैन ने आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है। यह पहल राज्य में सड़क सुरक्षा और संरचना सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


















