पटना : पिछले 26 नवंबर को बिहार सरकार की तरफ से नशा मुक्ति दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शिरकत की थी। नीतीश ने नशा मुक्ति दिवस को लेकर अपने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि पुलिस वाले शराबबंदी कानून को लेकर गड़बड़ कर रहे हैं और इन पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है।
मुख्यमंत्री के आदेश के 24 घंटे बितते बितते ही पटना में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पटना में दीघा थाने की पुलिस ने 26 नवंबर को शराब की एक बड़ी खेप को जब्त कर दीघा थाने लाया। उसके बाद थाने में तैनात पुलिसकर्मी इन शराब को ठिकाने लगाने में जुट गए। पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा को जब इस बात की सूचना मिली तब उन्होंने एक जांच टीम दीघा थाने पर भेजी। जांच टीम को एक बैरक में जहां काफी संख्या में पुलिसकर्मी रहते हैं जब्त शराब की कई बोतले एक साथ मिली।
इस पूरे मामले में आनन-फानन में पटना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीघा थाने के थानेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा चार पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करते हुए दारोगा फुल कुमार चौधरी और ड्राइवर राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इस बड़े खुलासे से पटना पुलिस में हडकम्प मच गया है। सोमवार की रात तक पटना पुलिस इस पूरे मामले के अनुसंधान और कार्रवाई में जुटी रही।
चंदन कुमार तिवारी की रिपोर्ट

















