रांची: रांची विधानसभा क्षेत्र से छह बार जीत चुके भाजपा के दिग्गज नेता सीपी सिंह को बुधवार को बड़ी राहत मिली, जब उनकी ही पार्टी के दो नेता मुनचुन राय और संदीप वर्मा ने नामांकन वापस लेने का निर्णय लिया। चुटिया क्षेत्र में सीपी सिंह का वोट बैंक मजबूत माना जाता है, लेकिन मुनचुन राय के खड़े होने से इसमें सेंधमारी की संभावना बन रही थी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने समय रहते हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मुनचुन राय और संदीप वर्मा ने अपना नाम वापस ले लिया।

वहीं, कांके विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जीतूचरण राम को भी राहत मिली, जब वरिष्ठ नेताओं ने कमलेश राम को मना कर उनका नाम वापस लेने में सफलता पाई। इससे जीतूचरण राम ने भी राहत की सांस ली है।
डीसी वरुण रंजन ने समाहरणालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि कांके विधानसभा को छोड़कर सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 15 से अधिक प्रत्याशी हैं। इस कारण सभी मतदान केंद्रों पर दो बैलेट यूनिट लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को सभी मतदानकर्मियों को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से रवाना किया जाएगा। 13 नवंबर को सुबह मॉक पोल के बाद सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। सभी ईवीएम को मतदान समाप्त होने के बाद पंडरा स्थित कृषि बाजार समिति में बने बज्र गृह में रखा जाएगा।

रांची जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों – रांची, हटिया, कांके, मांडर और तमाड़ – में 13 नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा। नाम वापसी की तिथि समाप्त होने के साथ ही पांचों क्षेत्रों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। अब रांची विधानसभा क्षेत्र से कुल 93 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं, जिनमें सबसे अधिक हटिया से 27 और सबसे कम कांके से 13 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे।



















