रांची: रांची सहित पूरे झारखंड में मौसम के उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बीते तीन दिनों में राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
25 जनवरी को जहां अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम 12.2 डिग्री सेल्सियस था, वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.6 और न्यूनतम 7.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ 7.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।
मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान गिरने और सुबह-शाम ठंडी हवा चलने से कनकनी बढ़ गई है, हालांकि दिन में खिली धूप से कुछ राहत मिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 29 जनवरी को तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अगले चार दिनों तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छाए रहने की उम्मीद है। 29 जनवरी को आसमान साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद बादल छाने लगेंगे। 30 जनवरी से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का अहसास होने लगेगा।
1 फरवरी से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। अनुमान के अनुसार, 1 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक पहुंच सकता है। पिछले वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम 15.2 डिग्री था। इससे साफ है कि इस बार फरवरी की शुरुआत से ही गर्मी महसूस होने लगेगी।



















