
- अपराधियों ने ढाई लाख रुपए समेत मोबाइल और लैपटॉप भी ले गए
रांची: रातू के आनंदमयी नगर में मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे भारत फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर ढाई लाख रुपए लूट लिए।
फाइनेंस कंपनी का यह ऑफिस मकान मालकिन सुशीला देवी के घर में किराए पर संचालित हो रहा था। घटना के समय ऑफिस में एक महिलाकर्मी समेत चार स्टाफ मौजूद थे।
ब्रांच मैनेजर दीपक कुमार के अनुसार, दो अपराधी ग्राहक बनकर ऑफिस में आए थे, जबकि उनका एक साथी बाहर खड़ा था। तीनों के चेहरे मास्क से ढके हुए थे।
स्टाफ द्वारा पूछताछ करने पर दोनों ने पिस्टल निकालकर सभी को धमकाया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसी दौरान आपसी बातचीत में एक अपराधी ने “नदीम” नाम लिया था।
अपराधी ऑफिस से ढाई लाख रुपए नकद, पांच मोबाइल, दो टैब, एक लैपटॉप और एक बाइक लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात महज 15 मिनट में अंजाम दी गई।
घटना की सूचना मकान मालकिन सुशीला देवी ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घर को घेर लिया। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब दरवाजा खुला तो केवल स्टाफ ही अंदर मिले, जबकि अपराधी भाग चुके थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश जारी है।पंडरा और रातू क्षेत्र में हाल के महीनों में लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 13 जून 2024 को पंडरा में एक ज्वेलरी शॉप से अपराधियों ने दिनदहाड़े 70 लाख के गहने लूट लिए थे।
30 दिसंबर को पंडरा में आटा कंपनी के मैनेजर सुमित कुमार गुप्ता से 13 लाख रुपए लूटे गए थे। 26 दिसंबर को रातू में एक पंप कर्मचारी से 14 लाख रुपए लूटे गए थे। लगातार बढ़ती घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।




