
Saran Ramghat Inauguration: बिहार के सारण जिले के मांझी स्थित रामघाट को पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित करने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को रामघाट का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 8.20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का उद्घाटन किया। साथ ही अटल वाटिका का शुभारंभ और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर साल रामघाट पर अटल उत्सव मनाया जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर यहां राजकीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रामघाट का विस्तार दोनों तरफ स्थित पुलों तक करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरयू नदी के किनारे एसडीआरएफ की टीम तैनात करने को भी कहा। छठ महापर्व से पहले रामघाट का विकसित स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा लेकर आया है।
8.20 करोड़ की लागत से विकसित हुआ रामघाट रिवर फ्रंट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रामघाट पर अटल द्वार का शिलापट्ट अनावरण कर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का उद्घाटन किया। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) की ओर से 8 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से इस परियोजना को विकसित किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अटल वाटिका का उद्घाटन किया और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने यज्ञशाला और मां सरयू कैफे (दीदी की रसोई) का भी निरीक्षण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट आना उनके लिए गर्व का विषय है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस स्थल का संबंध प्रभु श्रीराम के आगमन और सरयू नदी में स्नान से है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व से पहले घाट का लोकार्पण श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक साबित होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घाट का विस्तार दोनों ओर स्थित पुलों तक करने का निर्देश दिया, ताकि इस पवित्र स्थल को और बेहतर स्वरूप दिया जा सके।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा राजकीय कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का नेतृत्व और योगदान देश के लिए प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने 32 राजनीतिक दलों को एकजुट कर एनडीए का गठन किया और तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में भी अटल बिहारी वाजपेयी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके कार्यकाल में बिहार को विशेष पैकेज के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री के आग्रह पर चार वर्षों तक हर साल 4,000 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए थे। इस राशि का उपयोग सड़क, बिजली और दूसरी आधारभूत सुविधाओं के विकास में किया गया। उन्होंने घोषणा की कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर रामघाट में राजकीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष यहां अटल उत्सव भी मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अटल जी के विचारों और योगदान से परिचित कराने का अवसर मिलेगा।

स्कूलों में आधुनिक प्रयोगशालाओं का किया निरीक्षण
रामघाट पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय दलन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान के तहत विकसित आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। विद्यालय में नवनिर्मित स्पेस साइंस एंड इनोवेशन लैब, आईएसएम लैब, आईसीटी लैब, बायोलॉजी लैब, केमिस्ट्री लैब और लाइब्रेरी की सुविधाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आधुनिक प्रयोगशालाओं से उन्हें विषयों को बेहतर ढंग से समझने और प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय की लाइब्रेरी में कंप्यूटर लगाने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए राज्य में 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। लगभग 3.50 लाख विद्यार्थियों को विद्यार्थी साथी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि रात एक बजे भी करीब 1.40 लाख से 1.80 लाख विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई करते हैं।

राशन कार्ड, मुफ्त बिजली और रोजगार को लेकर सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। 31 मार्च से पहले 22 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जाता है। सरकार का लक्ष्य एक करोड़ पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराना है। अब तक 24 लाख लोगों को राशन कार्ड दिए जा चुके हैं और 1,400 नए जन वितरण प्रणाली विक्रेता भी बनाए गए हैं। शेष 78 लाख पात्र लोगों तक राशन कार्ड पहुंचाने का काम जारी है। उन्होंने बताया कि बिहार में करीब 1 करोड़ 92 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ता हैं और प्रत्येक घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने सक्षम और समृद्ध परिवारों से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़कर राज्यहित में योगदान देने की अपील की। साथ ही गरीब परिवारों से सौर ऊर्जा अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि घरों की छत पर 1.1 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 8 से 10 हजार रुपये तक का अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े, इसके लिए उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की योजना बनाई गई है। राज्य में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सिताबदियारा के लिए स्थायी पुल बनाने का केंद्र से आग्रह
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामघाट के पास सरयू नदी में पानी का बहाव तेज रहता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां एसडीआरएफ की टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने नदियों से गाद निकालने की नीति का भी उल्लेख किया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ हुए समझौते के तहत नदियों से निकली गाद का उपयोग सड़क, बांध और अन्य निर्माण कार्यों में किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी का जलस्तर बढ़ने से जिन किसानों के खेत बर्बाद हुए हैं, उन्हें मुआवजा दिया जाए। जिन किसानों के खेतों में बालू और गाद जमा हुई है, उन्हें भी गाद नीति के तहत आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से राहत देने की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने बताया कि आरा से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली सिताबदियारा को जोड़ने के लिए पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल बनाने का आग्रह केंद्र सरकार से किया गया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस कार्य को सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं से बिहार की समृद्धि और भारत को विकसित बनाने की प्रार्थना करने की अपील भी की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक रणधीर कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















