वाराणसी : मौसमी मिजाज ने भीषण गर्मी के दिए संकेत, यूपी में 27 से लू के आसार। मौसमी मिजाज के देश भर के लिहाज से भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार की बुलेटिन में जो आकलन जारी किया है, उसके मुताबिक बिहार-झारखंड में आंशिक राहत के साथ पूरे देश में भीषण गर्मी का दौर शुरू होने वाला है।
इसी क्रम में यूपी में 27 मार्च से ही लू चलने के आसार हैं। IMD का आकलन है कि जैसे-जैसे मार्च का महीना अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, मौसम में गर्मी बढ़ती जा रही है। अभी भले ही देश के कुछ स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलती दिख रही हैं, लेकिन 30 मार्च तक बारिश का नामोनिशान खत्म हो जाएगा।
दिल्ली-एनसीआर में 9 दिन बाद धूप की तपिश ने एक बार फिर लोगों को तेज गर्मी की याद दिलानी शुरू कर दी है। तेज धूप की वजह से दोपहर के समय लोगों को परेशानी महसूस होने लगी है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो दिनों तक तापमान और बढ़ेगा। इसके बाद हवाएं तेज होंगी और तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान बढ़ने लगा है। कुल मिलाकर धीरे-धीरे गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है।
यूपी के लिए भयंकर गर्मी का अलर्ट जारी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यूपी के लिए अब भयंकर गर्मी का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आने वाले कुछ दिनों में पहाड़ों पर बारिश देखने को मिल सकती है। लेकिन मैदानी इलाकों और खासकर उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लोगों के पसीने निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
इसी बीच दो दिन मौसम साफ रहने के बाद अब फिर से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो दो दिन बाद से प्रदेश में तेज हवा का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
25 मार्च को प्रदेश के पश्चिमी व पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रह सकता है। इसी तरह 26 मार्च को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इन दोनों ही दिन प्रदेश में ना ही बारिश होने के आसार है और ना ही कहीं भी तेज हवा का अलर्ट जारी किया गया है।

लेकिन 27 मार्च से प्रदेश में तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। IMD की मानें तो गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। लेकिन इस अवधि में दोनों ही हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
इसी तरह 28 मार्च को भी प्रदेश में तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भी पश्चिमी व पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने के साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया गया है।
इसी क्रम में 29 मार्च को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में 20 से 30 किमी प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवा चल सकती है। हालांकि इस अवधि में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 30 मार्च से तेज हवा चलने का सिलसिला थम सकता है।

अगले 4 दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि के हैं संकेत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि उत्तर प्रदेश में काफी गर्मी पड़ने वाली है। यहां अगले 4 दिनों में तापमान में 4 से 6 डिग्री की वृद्धि हो सकती है।
पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 4-5 दिमों में तापमान में 4 से 6 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। मध्य भारत और महाराष्ट्र में 4 से 5 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
वहीं गुजरात में अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। अप्रैल से गर्म और उमस भरे प्री मॉनसून सीजन की शुरूआत होगी। अमूमन अप्रैल और मई प्री मॉनसून सीजन कहे जाते हैं।
IMD के अनुसार इस दौरान तापमान लगातार बढ़ेगा और हवा में नमी भी बढ़ेगी। इसकी वजह से गर्मी अधिक महसूस होगी। अप्रैल में आमतौर पर लू की शुरूआत हो जाती है। इस साल भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना है।
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो दिनों तक तापमान और बढ़ेगा। इसके बाद हवाएं तेज होंगी और तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान बढ़ने लगा है। धीरे-धीरे गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। दिल्ली में मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। 26 और 27 मार्च को भी काफी गर्मी रहेगी।
हालांकि 27 मार्च को दोपहर बाद से हवाएं तेज हो सकती हैं। इन दोनों दिन सुबह के समय भी काफी गर्मी रह सकती है। दोनों दिन अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री तक रहेगा।
इसके बाद 28 से 30 मार्च तक आंशिक बादल छा सकते हैं। हवाएं तेज रहेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। तेज हवाओं की वजह से तापमान में कमी आएगी। अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

झारखंड और बिहार के ऊपर बना हुआ है एक पश्चिमी विक्षोभ
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ब्योरे के मुताबिक, देश में इस वक्त दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ झारखंड और बिहार के ऊपर बना हुआ है, जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ कतर के पास सक्रिय है।
इनके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27 मार्च तक फिर से बारिश शुरू होने की संभावना है। प्रायद्वपीय भारत के कई स्थानों पर 25 मार्च को गरज के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
26 और 27 मार्च को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश और 28 मार्च को अरुणाचल प्रदेश के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में शुष्क मौसम होने के चलते तापमान में 3 से 4 डिग्री तक का इजाफा हुआ है। मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तपिश बढ़ने लगी है।
IMD के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। 27 और 28 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। चटक धूप खिलने से मार्च के आखिरी दिनों में मैदान से लेकर पहाड़ो तक तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
खासकर दिन के समय गर्मी खासा परेशान करने वाली है। इसी क्रम में राजस्थान में अब गर्मियों के दिन आने लगे हैं। बार-बार एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मार्च के दूसरे और तीसरे सप्ताह में मौसम बदलता रहा।
बार-बार आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया था लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया और गर्मियों के दिन शुरू हो गए। पिछले तीन दिन से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दो दिन में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ गया। दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
Highlights