जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा 10 नंबर बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 14 वर्षीय साईं की Heart Attack से मौत हो गई। मृतक डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर का कक्षा 9वीं का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे साईं शौचालय गया था। लौटने के बाद उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की।
माता-पिता तुरंत उसे लेकर बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उसकी हालत और बिगड़ गई। इमरजेंसी में उसे ऑक्सीजन लगाया गया, लेकिन वह बेहोश हो गया। सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर तत्काल वहां पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद साईं को मृत घोषित कर दिया।
परिवार के सदस्य सच्चिदानंद ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार साईं की मौत का कारण Heart Attack (कार्डियक अरेस्ट) था। साईं के पिता विजय नंदन ठेकेदारी का काम करते हैं और मूलतः बिहार के वैशाली जिले के माधोपुर गांव के रहने वाले हैं।
बच्चे की असमय मौत से चिकित्सा जगत भी स्तब्ध है। सदर अस्पताल के डॉ. रंजीत पांडा ने कहा कि इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक असामान्य है। इसके पीछे तनाव, खराब खानपान और अत्यधिक शारीरिक गतिविधि जैसे कारण हो सकते हैं।
यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए चेतावनी है कि किशोरों की सेहत को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।