रांची: जैक के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी के कारण आठवीं और नौवीं कक्षा की परीक्षाएं पहले ही स्थगित हो चुकी हैं। अब मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं पर भी संकट मंडराने लगा है। सूत्रों के अनुसार, अगर सात फरवरी तक जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होती है, तो 11 फरवरी से प्रस्तावित मैट्रिक और इंटर परीक्षाएं भी टल सकती हैं।
राज्य में मैट्रिक परीक्षा में 4,11,536 और इंटर परीक्षा में 3,31,616 विद्यार्थी शामिल होने वाले हैं। लेकिन परीक्षा शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय बचा है, और अब तक परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड नहीं मिला है। जैक के निर्देशानुसार, 25 जनवरी से मैट्रिक और 28 जनवरी से इंटर के प्रवेश पत्र डाउनलोड होने थे, लेकिन नियुक्तियों में देरी के कारण यह संभव नहीं हो सका। जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सूत्रों के मुताबिक, अधिसूचना एक-दो दिनों में जारी हो सकती है। हालांकि, इस देरी से परीक्षाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
जैक की ओर से इस संबंध में परीक्षार्थियों को अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। जैक में परीक्षा से जुड़े सभी कार्य अध्यक्ष की अनुमति से ही होते हैं। ऐसे में यदि मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं स्थगित होती हैं, तो नई तिथि की घोषणा भी अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ही संभव होगी।



















