पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में सोमवार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलावार राजस्व कार्यों की समीक्षा शुरू हुई। समीक्षा के पहले दिन पश्चिमी चंपारण, सहरसा एवं वैशाली जिले में राजस्व से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विभाग के सचिव जय सिंह ने खराब प्रदर्शन वाले अंचलाधिकारियों से दाखिल खारिज, परिमार्जन, ई-मापी, अभियान बसेरा, सरकारी जमीन के वेरिफिकेशन, राजस्व महा-अभियान, जन शिकायत, सहयोग शिविर के आवेदन, फॉर्मर रजिस्ट्रेशन व भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं एडीएम स्तर पर लंबित मामलों की स्थिति की बारी-बारी से समीक्षा की।
राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सभी लंबित मामलों के तेजी से निष्पादन के लिए अधिकारियों को एक पखवाड़े का समय दिया
समीक्षा के दौरान राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सभी लंबित मामलों के तेजी से निष्पादन के लिए अधिकारियों को एक पखवाड़े का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिन बाद पुनः समीक्षा की जाएगी और प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने दाखिल-खारिज मामलों में डिफेक्ट चेक की प्रक्रिया पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आवेदन में क्या कमी है, यह स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिकारी कमियों को स्पष्ट रूप से अंकित नहीं कर रहे हैं, जिससे आवेदकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सुबह से देर रात तक सातों दिन कार्य करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि हड़ताल के कारण लंबित हुए कार्यों को अतिरिक्त मेहनत से ही पूरा किया जा सकता है।

फॉर्मर रजिस्ट्रेशन अभियान को गति देने के लिए परिमार्जन मामलों का शीघ्र निष्पादन अत्यंत आवश्यक है – राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल
राजस्व मंत्री ने परिमार्जन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि फॉर्मर रजिस्ट्रेशन अभियान को गति देने के लिए परिमार्जन मामलों का शीघ्र निष्पादन अत्यंत आवश्यक है। बैठक में पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी तरनजीत सिंह, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और सहरसा के प्रभारी जिलाधिकारी अपने-अपने जिले की ओर से समीक्षा बैठक में शामिल हुए। वैशाली जिले की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में विधायक अवधेश कुमार सिंह मौजूद रहे। वहीं सहरसा की समीक्षा बैठक में विधायक आईपी गुप्ता, विधायक डॉ. गौतम कृष्ण और विधायक संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।

राजस्व मंत्री के कार्यालय कक्ष में विभाग के सचिव जय सिंह के अलावा कई अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान राजस्व मंत्री के कार्यालय कक्ष में विभाग के सचिव जय सिंह के अलावा सचिव सीमा त्रिपाठी, विशेष सचिव इनायत खान, अपर सचिव प्रशांत सीएच, अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल, अपर सचिव आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी मणि भूषण किशोर, उप निदेशक मोना झा, उप सचिव संजय कुमार सिंह, उप सचिव डॉ. सुनील कुमार सिंह व उप सचिव अरविंद कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़े : लोक निजी भागीदारी के तहत ग्रीन फिल्ड व ब्राउन फिल्ड में मेडिकल कॉलेजों का विकास किया जाएगा – मुख्यमंत्री
Highlights


















