
रांची: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर देशभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी 24 और 25 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इस हड़ताल में सार्वजनिक, निजी, विदेशी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के कर्मचारी शामिल होंगे।
यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि हड़ताल के पीछे मुख्य मांगें बैंकों में पर्याप्त भर्ती, सभी संवर्गों में स्थायी नियुक्ति, बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह, बैंक कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कर्मचारी व अधिकारी निदेशकों के रिक्त पद भरना हैं।
यूएफबीयू के नेता गौतम घोष ने बताया कि झारखंड में करीब 20 हजार बैंक कर्मचारी और अधिकारी इस हड़ताल में शामिल होंगे, जिससे अनुमानित 20 हजार करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। हालांकि, आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए सभी बैंक अपने एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराएंगे।
बैंकों में अवकाश से प्रभावित हो सकते हैं ग्राहक
मार्च के शेष 13 दिनों में छह दिन बैंक बंद रहेंगे। दो दिन हड़ताल के अलावा, दो रविवार, एक शनिवार और एक दिन ईद की छुट्टी रहेगी। इससे विशेष रूप से व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
यूनियन प्रतिनिधियों ने ग्राहकों से अपील की है कि वे उनकी जायज मांगों का समर्थन करें ताकि बैंक कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार हो सके।




