डिजीटल डेस्क : महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण थोड़ी देर में, अमित शाह पहुंचे, फ़डणवीस सरकार में डिप्टी सीएम होंगे एकनाथ शिंदे। महाराष्ट्र में नई सरकार का शपथ ग्रहण थोड़ी देर में आजाद मैदान में शुरू होने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई पहुंच चुके हैं। ऐसे में सभी सियासी सस्पेंस को तत्क्षण दूर कर दिया गया है।
स्पष्ट कर दिया गया है कि शपथ समारोह में देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई वाले सरकार में शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे भी एनसीपी नेता अजित पवार के साथ ही डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे।
शिवसेना विधायकों ने खत्म कराया शिंदे वाला सस्पेंस…
महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह से ऐन पहले तक एक बड़ा सियासी सस्पेंस खत्म हो गया। तय हो गया और बता दिया गया कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे फडणवीस सरकार में डिप्टी सीएम बनेंगे। वह थोड़ी ही देर में शुरू होने वाले शपथग्रहण समारोह में पद की शपथ लेंगे।
शिवसेना के नेता लगातार ये इच्छा जाहिर कर रहे थे कि एकनाथ शिंदे उपमुख्यमंत्री बनें। इसके लिए वे शिंदे को मनाने में जुटे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उदय सामंत, संजय शिरसाट, संजय गायकवाड, भारत गोगावले, दीपक केसरकर एकनाथ शिंदे को मनाने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे। अमित शाह के मुंबई पहुंचने से पहले आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और शिंदे डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने को मान गए।

शपथ ग्रहण समारोह से कुछ घंटों पहले एकनाथ शिंदे को लेकर यूं बना सस्पेंस…
गुरूवार को मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए जारी तैयारियों के बीच सुबह से ही महायुति की नई गठित हो रही सरकार को लेकर लगातार सस्पेंस का माहौल बना हुआ था। असल मामला शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे को लेकर था कि वह फडणवीस सरकार ने डिप्टी सीएम बनेंगे या नहीं।
शपथग्रहण समारोह के लिए निमंत्रण कार्ड भाजपा, शिवसेना शिंदे गुट और राष्ट्रवादी अजित पवार गुट की ओर से तैयार किया गया है। इन तीनों निमंत्रण पत्रों पर मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस का नाम है। शिंदे गुट के निमंत्रण कार्ड पर उपमुख्यमंत्री पद के लिए एकनाथ शिंदे का नाम नहीं लिखा है। ऐसे में सस्पेंस बढ़ गया था। एनसीपी के पर्चे में बताया गया है कि अजित पवार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
गुरूवार की दोपहर शिवसेना नेता उदय सामंत ने कहा था कि-‘ हम चाहते हैं कि शिंदे उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लें। हमारे 59 विधायकों में से कोई भी उपमुख्यमंत्री पद के लिए इच्छुक नहीं है। अगर शिंदे उपमुख्यमंत्री का पद स्वीकार नहीं करते हैं, तो हम मंत्रीपद नहीं स्वीकार करेंगे’।
इसी क्रम में शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा था कि – ‘राजभवन से लौटने के बाद हम सभी विधायक कल एकनाथ शिंदे से मिलने गए थे। हमने उनसे रिक्वेस्ट की है कि आप सरकार में शपथ लीजिए। सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय होते हैं, जिनमें आपका शामिल होना जरूरी है’।
इन दो बयानों के बाद से सियासी हल्के में सस्पेंस की चर्चाओं ने तूल पकड़ा था।

पीएम मोदी की मौजूदगही में तीसरी बार लेंगे महाराष्ट्र के सीएम की शपथ लेंगे देवेंद्र फडणवीस…
देवेंद्र फडणवीस गुरूवार की शाम आजाद मैदान में हो रहे शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयार हो चुके हैं। उनसे मिलने वालों का हुजूम आवास के बाहर जुटा है। थोड़ी देर बाद होने वाले समारोह में शपथ ग्रहण करते ही देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की बात है। बता दें कि महाराष्ट्र में बीते 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने और 23 नवंबर को उसके परिणाम सामने आ जाने के करीब दो हफ्ते तक बातचीत चली। उसके बाद आज फडणवीस के नेतृत्व में सरकार का गठन होने जा रहा है।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव में 132 सीट जीतने के साथ ही भाजपा के सबसे मजबूत होकर सामने आने के बाद फडणवीस इस पद के प्रबल दावेदार बनकर उभरे।
बता दें कि देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार और एकनाथ शिंदे बुधवार को राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपने पहुंचे थे। उसके बाद तीनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उसमें शिंदे ने कहा कि वह बताएंगे कि वह शपथ लेंगे या नहीं।
फिर बीते बुधवार शाम को 7 बजे देवेंद्र फडणवीस एकनाथ शिंदे से मिलने उनके आवास पहुंचे। लगभग 40 मिनट तक वह बैठक चली। उस बैठक में शिंदे को फडणवीस ने बता दिया कि उन्हें गृह मंत्रालय नहीं दिया जा रहा है।
Highlights







