पटना : लोकसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने बीजेपी हेडक्वार्टर से घोषणा पत्र जारी किया। इसको लेकर बिहार में विपक्ष के नेता व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने तंज कसा है। तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी का घोषणा पत्र चुनावी जुमला है। तेजस्वी चुनावी रैली के लिए निकलते समय पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत की।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा की घोषणा पत्र पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घोषणा पत्र में कुछ नहीं है सिर्फ इधर-उधर की बातें हैं। बिहार के लिए कुछ नहीं है। बिहार के गरीब जनता के लिए कुछ नहीं है, बिहार के विशेष पैकेज को लेकर कुछ नहीं है और बिहार के विशेष दर्जे को लेकर कुछ नहीं है। सिर्फ और सिर्फ इधर-उधर की बातें की गई है। उन्होंने कहा कि एक भी नौकरी का वादा नहीं किया गया है। तेजस्वी ने कहा कि जो यह बोल रहे हैं कि हम गरीबों को मुफ्त अनाथ दे रहे हैं यह कांग्रेस के समय से चला आ रहा है। यह घोषणा पत्र कुछ नहीं है।
तेजस्वी ने कहा कि 60 प्रतिशत देश के युवा हैं युवाओं के बारे में कोई जिक्र नहीं है। 80 फीसदी किसान हैं 80 पर्सेंट किसानों के बारे में जिक्र नहीं है। कितना नौकरी देंगे नहीं देंगे इसके बारे में कोई चर्चा नहीं है। बिहार जैसे गरीब प्रदेश बिहार के साथ-साथ और जितने गरीब प्रदेश हैं उनको आगे बढ़ाने के लिए कुछ नहीं है। आप लोगों ने मेनिफेस्टो देखा होगा बिहार की जनता के लिए क्या है। किसान युवा उसके लिए क्या करें इसका कोई जिक्र नहीं है। महंगाई खत्म कैसे करेंगे इसके बारे में कोई जिक्र नहीं किया गया। जो महंगाई है जो गरीबी है गरीबों को कैसे खत्म करेंगे इसके बारे में कोई जिक्र नहीं है।
विपक्ष के नेता ने आगे कहा कि हालांकि भाजपा के लोगों ने क्या-क्या नहीं कहा है 10 सालों में और क्या-क्या किया है सबको पता है। यूसीसी के लागू करने पर और गरीबों को राशन के मामले पर कहा कि फूड सिक्योरिटी बिल कब आया था। कांग्रेस के जमाने से है यह अलग से कुछ नहीं कर रहे हैं। खाली नाम बदल देना है स्कीम का नाम बदल देना है और बिहार जैसे राज्यों के लिए भार डाल देना है। जितनी भी केंद्र की योजनाएं हैं पहले राज्य सरकार को 10 फीसदी देना पड़ता था आज 50 प्रतिशत देना पड़ रहा है। बिहार जैसे गरीब राज्यों के लिए क्या स्पेशल है यह केंद्र सरकार बताएं। हमारे राज्यों पर और अधिक भार दे दिया गया है ये हम नहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कहते हैं।
यह भी पढ़े : Big Breaking : BJP ने लोकसभा चुनाव के लिए जारी की ‘संकल्प पत्र’
यह भी देखें : https://youtube.com/22scope
अभिषेक गुप्ता और अविनाश सिंह की रिपोर्ट


















