रांची: झारखंड की मंईयां सम्मान योजना का असली सम्मान अब जांच के तराजू पर टिका हुआ है। योजना तो बनी थी महिलाओं को हर माह आर्थिक संबल देने के लिए, मगर अब यह योजना खुद ही संबल के लिए सरकार के वेरिफिकेशन सिस्टम पर निर्भर हो गई है।
लाभुकों को हर माह मिलने वाले 2,500 रुपए की उम्मीद थी, मगर जनवरी और फरवरी बीत गए, पैसा खाते में नहीं आया। वजह? ‘जांच चल रही है।’ अब मार्च में तीन महीने की राशि एक साथ देने का वादा किया जा रहा है, मगर शर्त वही – ‘पहले जांच पूरी हो जाए।’
दरअसल, सरकारी तंत्र की सक्रियता तब बढ़ी जब पहली किस्त के बाद यह पता चला कि योजना के लाभ से कुछ ‘अति भाग्यशाली’ महिलाओं को भी नवाजा गया है, जो शायद योजना की पात्रता सूची में नहीं थीं। अब अपात्रों की छंटनी हो रही है, लेकिन साथ ही पात्र लाभुकों की उम्मीद भी जांच की मोहताज हो गई है।
फिलहाल, राज्य के अधिकारी इस छानबीन में जुटे हैं कि कहीं कोई ‘गड़बड़ी’ न हो जाए। बैंक खातों को आधार से जोड़ा जा रहा है, भौतिक सत्यापन हो रहा है, डुप्लीकेसी की पहचान हो रही है। लेकिन असली सवाल यह है कि जो वाकई इस सम्मान के हकदार हैं, उनका सम्मान कब तक जांच की चौखट पर लटका रहेगा?
अब तो योजना के लाभुक भी दुविधा में हैं – ‘हमें पैसे मिलेंगे या फिर हमारी पात्रता भी जांच की गहन पड़ताल में दम तोड़ देगी?’ सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाते लाभुकों को यह समझ नहीं आ रहा कि वे ‘सम्मान’ के लिए इंतजार कर रहे हैं या ‘अपमान’ सह रहे हैं।
आखिर में, सरकार से यही उम्मीद की जा सकती है कि मंईयां सम्मान योजना को वाकई सम्मान देने की मंशा हो तो इस जांच प्रक्रिया को जल्द निपटाया जाए। वरना, यह योजना लाभुकों के लिए ‘आर्थिक सहायता’ कम और ‘जांच परीक्षा’ ज्यादा बन जाएगी।
Highlights


















