छपरा : कंधे पर पिता का शव लिए ठुमके लगा रहे बेटे और सामने भोजपुरी गाने पर थिरक रही आर्केस्ट्रा डांसर। यहां लोग रोने के बजाय डांस पर जान छिड़क रहे हैं। एक से बढ़कर एक अश्लील गानों पर जमकर डांस चल रहा है। ये बारात नहीं है, बल्कि जीवन के अवसान पर निकाली गई अनोखी शव यात्रा है, जो अब छपरा के एकमा प्रखंड के साधपुर से वायरल हो रही है। सोशल साइट पर अब लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं।
दरअसल, 104 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने के बाद घरवालों ने शव यात्रा को यादगार बनाने की सोची। लेकिन, यादगार बनाने के क्रम में वे अश्लीलता परोस गए, जिससे अब वे मजाक के पात्र बन रहे हैं। लोग तरह-तरह के कैप्शन लगाकर इसे अपने अकाउंट से शेयर कर रहे हैं।
वायरल वीडियो एकमा के साधपुर का है, जहां एक बुजुर्ग के शव यात्रा में परिजनों ने भोजपुरी गाने पर जमकर ठुमके लगाते दिख रहे हैं। मृतक भोला यादव के परिजनों ने मौत के गम को आर्स्केस्ट्रा के जरिए खुशी में बदल दिया। भोला यादव की मौत 104 साल के उम्र हुई है। बेहद बुजुर्ग अवस्था में स्वाभाविक मृत्यु के बाद परिजनों ने शव यात्रा को डांस-म्यूजिक से चर्चित बना दिया। अब यह वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर की ट्रॉली पर भोजपुरी गाने पर डांसर ठुमके लगा रही है। वहीं, नीचे शव को कंधा देते हुए लोग भी उसके साथ झूमते नजर आ रहे हैं। ये शव यात्रा एकमा के साधपुर से निकलकर डुमाई गढ़ शमशान घाट पहुंचे, जिसमें सैंकड़ों लोग शामिल हुए।
इधर, शवयात्रा में भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाने का वीडियो वायरल होने के बाद परिजनों ने बताया कि भोला यादव 104 साल की उम्र में दुनिया से गए। उनकी शव यात्रा को यादगार बनाने के लिए मनोरंजन हेतु डांसर और ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था। भोला यादव अपने चार पुत्रों के साथ नाती-पोता का भरा पूरा खुशहाल परिवार छोड़ गए हैं।


















