PLFI के खिलाफ खूंटी पुलिस को एक और सफलता मिली।
PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के सुप्रीमो दिनेश गोप से पूछताछ में नए खुलासे हो रहे हैं। इसी के आधार पर पुलिस झारखंड के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।
खूंटी पुलिस ने रनिया थाना क्षेत्र के विद्या विहार पब्लिक स्कूल गरई के समीप जंगल में जमीन के अंदर छिपाई गई दिनेश गोप की जिप्सी को खोद कर निकाला।
एसपी अमन कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पीएलएफआई (PLFI) सुप्रीमो वर्ष 2014 में जिस जिप्सी से घूमता था, उसे गरई के जंगल क्षेत्र में जमीन में गाड़ कर रखा गया है।
कार्रवाई के लिए एसडीपीओ तोरपा ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम को जमीन के नीचे लोहा होने का संकेत मिला।
उस स्थान की जेसीबी से खुदाई की गई। खुदाई में जमीन के अंदर से एक जिप्सी निकली। एसपी ने कहा कि दिनेश गोप ने जिप्सी लातेहार से मंगाई थी। बाद में इसका रंग सफेद से बदलकर हरा कर दिया था।
खूंटी पुलिस को जिप्सी की बहुत दिनों से तलाश थी। वर्ष 2013-14 में जब क्षेत्र में ऑपरेशन कारो चल रहा था, उस समय पुलिस की कार्रवाई से डरकर जिप्सी को जमीन में गाड़ दिया था।
PLFI के दिनेश गोप आठ-नौ साल पहले इसी जिप्सी पर हथियारबंद दस्ते के साथ चलता था। बता दें, पीएलएफआई के गड़े-छुपे हथियार और अन्य सामान को पुलिस बरामद कर रही है।

















