कोडरमाः बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की रफ्तार पर कोडरमा में लगाम लग गई है. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि इस ट्रेन की अधिकतम गतिसीमा 160 किलोमीटर प्रति घंटे तय की गई थी. लेकिन जब यह ट्रेन कोडरमा से होकर गुजरेगी तो उसकी रफ्तार 160 के बजाय 80 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी.
वंदे भारत ट्रेन को पूरी रफ्तार से चलाने के लिए एक्स्ट्रा पावर की जरूरत होती है. एक्स्ट्रा पावर जेनरेट करने के लिए कोडरमा में ग्रिड का निर्माण किया जाना है, ग्रामीणों के विरोध के बाद निर्माण ठप्प हो गया है. कोडरमा थर्मल पावर प्लांट से गझंडी तक ग्रिड तक अलग ट्रांसमिशन लाइन ले जाने के लिए गडगी में टावर का निर्माण किया जा रहा था. जिसे ग्रामीणों ने रोक दिया और निर्माण कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की है. मामला थाना पहुंचा और निर्माण एजेंसी ने ग्रामीणों के विरुद्ध प्राथमिक की भी दर्ज कराई.
वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों को संतुष्ट करने का प्रयास जारी है. ग्रामीणों की माने तो बगैर सूचना उनकी जमीन पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसका उनलोगो ने विरोध किया. ग्रामीणों ने कहा कि ग्रिड निर्माण होने से उनकी खेती योग्य जमीन बर्बाद हो जाएगी, ऐसे में यह कार्य नहीं करने दिया जाएगा. वही पूरी पूरा मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद डीसी मेघा भारद्वाज ने एसडीओ को जांच के आदेश दिए हैं और ग्रामीणों को समझा बूझकर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने का भरोसा दिलाया है.
रिपोर्टः अमित कुमार


