रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और राज्य के कई जिलों में 29 जून से लेकर दो जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन चार दिनों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसमीय बदलाव देखने को मिल रहा है। यह सर्कुलेशन समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड में वर्षा की संभावना बन रही है।
चार दिन का पूर्वानुमान इस प्रकार है:
29 जून
रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, पलामू और गढ़वा में यलो अलर्ट जारी है।
30 जून
रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज को छोड़ बाकी जिलों में यलो अलर्ट है।
1 जुलाई
गुमला, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा में भारी बारिश की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग जिलों में यलो अलर्ट रहेगा।
2 जुलाई
रांची, गुमला, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में भारी वर्षा की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का बारिश रिकॉर्ड
तेनुघाट में सर्वाधिक 77 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि धनबाद के पंचेत में 52.2 मिमी बारिश हुई। हालांकि लगातार बारिश के बावजूद पाकुड़ जिले में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और रांची में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ठनका गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।