बेगूसराय : बेगूसराय में छठ महापर्व को लेकर गंगा स्नान करने गई एक महिला की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई. पूरी घटना मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर गंगा घाट की है. बता दें कि मटिहानी थाना क्षेत्र के मनीअप्पा पंचायत के वार्ड नंबर 6 निवासी अविनाश पोद्वार की 30 वर्षीय पत्नी ललिता देवी आधा दर्जन महिलाओं के साथ छितरौर गंगा घाट स्नान करने आई थी. गंगा स्नान करने के दौरान महिला का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई और वह डुब गई.
घटना की सूचना पर मटिहानी सीओ मनीष कुमार और मटिहानी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे हैं. स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ टीम की मदद से शव की तलाश की जा रही है, लेकिन 3 घंटे बाद भी अब तक शव बरामद नहीं किया गया है. ललिता देवी की डूबने की सूचना पर काफी संख्या में परिजन घाट किनारे पहुंचे.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस घाट पर समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, क्योंकि इस गंगा घाट पर इस तरह के हादसे होते रहते हैं सीओ ने आश्वासन दिया है कि जल्दी से घाट को सही करते हुए और खतरनाक जगहों पर बैनर पोस्टर लगाकर लोगों को आगाह भी किया जाएगा.
रिपोर्ट : सुमित


















