रांची: केंद्र की महत्वकांक्षी योजना मनरेगा इस कोरोना काल में मजदूरों के लिए बड़ा सहारा है, लेकिन मजदूरों के लिए शुरू की गयी इस योजना में भी घोटाला हुआ है । मनरेगा योजना में सिर्फ रांची जिले में 2.17 करोड़ रूपए की गड़बड़ी पाई गयी है। इस बारे में विभागीय मंत्री आलमगीर आलम ने 22 स्कोप से कहा कि घोटाले की जांच की जा रही है, पैसों की रिकवरी भी हो रही है और इस मामले में दोषी बख्शे नही जायेंगे।
आपको बता दें की इस घोटाले का खुलासा सोशल ऑडिट में हुआ है। सोशल ऑडिट में पाया गया की पैसा फर्जी तरीके से निकल गया और मजदूरों तक पैसा पहुंचा ही नहीं। कुछ योजनायें ऐसी भी दिखाई गयीं जो ज़मीन पर थी ही नहीं, कुछ ऐसे भी मामलों में भुगतान कर दिया गया जो योजना के दायरे में नहीं आते थे। कुछ मामलों में सप्लायरों ने दाम अधिक बढ़ाकर पैसे की निकासी की है।







