वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन को किया गया रिशेड्यूल

रांची: वंदे भारत ट्रेन को लेकर रांची और पटना के लोग बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और सिर्फ 6 घंटे में पटना और रांची के बीच की दूरी को तय करेगी। एक बड़ी खबर है कि वंदे भारत ट्रेन के प्रस्तावित ट्रायल रन की तारीख को 1 दिन आगे बढ़ा दिया गया है।

अब पटना से 12 जून को सुबह 6.55 बजे ट्रायल रन शुरू होगा और यह ट्रेन सुबह 8.20 बजे गया पहुंचेगी। बरकाकाना पहुंचने का समय 11.30 रहेगा और दोपहर 1 बजे यह ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन का ट्रायल रन करने के दौरान जहानाबाद स्टेशन, कोडरमा, हजारीबाग और मेसरा में भी रुकेगी। गया में 10 मिनट और बरकाकाना में 5 मिनट ट्रेन रुकेगी।

रांची रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन 12 जून को दोपहर 2.20 बजे (2 बजे 20 मिनट) पटना के लिए रवाना होगी। टाटीसिल्वे में बिना रुके 3.30 बजे बरकाकाना पहुंचेगी। इसके बाद शाम 7 बजे गया और फिर 20.25 बजे (शाम 8 बजे 25 मिनट) पटना पहुंचेगी।

इस दौरान ट्रेन को मेसरा, हजारीबाग, कोडरमा और जहानाबाद में रोका जाएगा। पूर्व मध्य रेलवे के सीपीटीएम ने दानापुर, मुगलसराय और धनबाद डिवीजन के सीनियर डिविजनल ऑपरेशंस मैनेजर को रिवाइज्ड लेटर जारी कर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके अनुसार, दानापुर के एक ट्रैफिक इंसपेक्टर को पटना से गया तक फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करने को कहा गया है। धनबाद डिवीजन को गया से रांची जाने और वापस आने के दौरान फुट प्लेटिंग और मिनट टू मिनट टाइम रिकॉर्डिंग करना होगा।

ट्रायल रन के दौरान वंदे भारत ट्रेन में 8 बोगियां लगाई जाएंगी। सफर करने का इंतजार कर रहे लोग जानना चाह रहे हैं कि यह ट्रेन का भाड़ा क्या होगा। उन्हें इसका जवाब जल्द ही मिलेगा।

Share with family and friends: