रांची: मौसम विभाग ने झारखंड के 18 जिलों में 17 अप्रैल से लेकर 20 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम का बदलाव पुरो राज्य में देखा जा रहा है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 21 अप्रैल से राजधानी रांची समेत कई जिलों में वज्रपात और हल्की बारिश की आशंका भी मौसम विभाग ने जताई है।
बीते 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। गिरिडीह, खूंटी, कोडरमा, पूर्व सिंहभूम, पाकुड़ और लातेहार में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा खूंटी में 42 मिमी रही, जबकि रांची में 26 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।