पटना : राजस्व प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा अंचल अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी सुधा रानी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, 19 मार्च 2026 को पुराना सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा।
विभिन्न अधिनियमों, नियमों व भूमि संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पटना उच्च न्यायालय में दायर सीडब्ल्यूजेसी संख्या 15455/2021 (अवधेश पाण्डेय बनाम बिहार राज्य एवं अन्य) में पारित अंतरिम आदेश के अनुपालन में आयोजित किया जा रहा है। इसमें अंचलाधिकारियों और प्रभारी अंचल अधिकारियों (राजस्व अधिकारियों को छोड़कर) को राजस्व प्रशासन से जुड़े विभिन्न अधिनियमों, नियमों और भूमि संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी सुधा रानी द्वारा इस संबंध में उत्तर बिहार के कई जिलों के समाहर्ताओं को पत्र भेजा गया है
विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी सुधा रानी द्वारा इस संबंध में उत्तर बिहार के कई जिलों के समाहर्ताओं को पत्र भेजा गया है। पहले चरण में पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज जिलों के अंचल अधिकारियों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिन जिलों में 19 मार्च को मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है
पत्र में कहा गया है कि जिन जिलों में 19 मार्च को मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है, वहां के अंचलाधिकारी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य अंचल स्तर पर राजस्व कार्यों की प्रक्रिया को बेहतर समझाना और भूमि से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं के संचालन में दक्षता बढ़ाना है। विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने जिलों में पदस्थापित संबंधित अंचल अधिकारियों और प्रभारी अंचल अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए निर्देशित करें, ताकि राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्यों के निष्पादन में और अधिक पारदर्शिता तथा दक्षता लाई जा सके।
यह भी पढ़े : हड़ताल से निपटने को सरकार का बड़ा फैसला, BPSC के 13 नवनियुक्त राजस्व अधिकारियों को अंचलों का प्रभार
Highlights


