रांची में APK File के जरिए साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जनवरी से 15 नवंबर तक 160 मामलों में मोबाइल हैक हुए। पिछले 15 दिनों में 8 लोगों के खाते से करीब 28 लाख रुपये उड़ाए गए।
Cyber Fraud रांची: Cyber अपराधियों ने लोगों के बैंक खाते खाली करने के लिए अब APK फाइल को नया हथियार बना लिया है। राजधानी रांची में साइबर Fraud का शिकार होने वाले लोगों में लगभग हर तीसरे व्यक्ति का मोबाइल इसी फाइल के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। बिजनेसमैन, ठेकेदार, सेवानिवृत्त अधिकारी और छात्र तक साइबर अपराधियों के जाल में फंस रहे हैं। जनवरी से 15 नवंबर तक राजधानी के अलग-अलग थानों में साइबर ठगी के 280 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 160 मामले ऐसे हैं, जिनमें पीड़ितों के एंड्रॉयड मोबाइल पर APK फाइल भेजकर ठगी की गई। वहीं, पिछले 15 दिनों में ही आठ लोगों के बैंक खातों से 27 लाख 86 हजार 262 रुपये निकाल लिए गए।
Cyber Fraud: APK फाइल खोलते ही मोबाइल का कंट्रोल पहुंच सकता है साइबर अपराधियों के पास
APK यानी एंड्रॉयड पैकेज किट एक फाइल फॉर्मेट है, जिसका इस्तेमाल एंड्रॉयड मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने के लिए किया जाता है। साइबर अपराधी इसी तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों के मोबाइल में सेंध लगा रहे हैं।
ठग व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को संदिग्ध APK फाइल भेजते हैं। कई बार इन फाइलों को सरकारी योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान या अन्य जरूरी सेवाओं के नाम पर भेजा जाता है। कुछ मामलों में पीडीएफ या वीडियो फाइल के रूप में भी संदिग्ध लिंक भेजे जाते हैं।
जैसे ही कोई व्यक्ति ऐसी APK फाइल डाउनलोड कर इंस्टॉल करता है, उसमें मौजूद मैलवेयर मोबाइल के एसएमएस, कॉन्टैक्ट और नोटिफिकेशन तक पहुंच हासिल कर सकता है। इसके जरिए साइबर अपराधी ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी चुराकर यूपीआई या बैंकिंग ऐप के माध्यम से खाते से पैसे निकाल सकते हैं।
Cyber Fraud: पीएम आवास और आरटीओ चालान के नाम पर दो लोगों से 9 लाख की ठगी
केस 1: पीएम आवास की जानकारी के नाम पर 4.14 लाख की निकासी
विजय तिर्की ने 10 नवंबर को साइबर थाने में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। उनकी बेटी से गलती से मोबाइल पर आई एक APK फाइल खुल गई थी। फाइल पर पीएम इंदिरा आवास से संबंधित जानकारी लिखी हुई थी। फाइल इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 4,14,766 रुपये निकाल लिए गए।
केस 2: आरटीओ चालान के नाम पर 4.83 लाख की ठगी
धुर्वा के पोखर टोली निवासी पेंटिंग कारोबारी बसंत केरकेट्टा को आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजी गई थी। उन्होंने जैसे ही फाइल खोली, उनके बैंक खाते से 4,83,996 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित का कहना है कि एफआईआर दर्ज कराने के बावजूद अब तक एक भी रुपया वापस नहीं मिला है। थाने जाने पर भी उन्हें उचित जवाब नहीं मिल रहा है।
Cyber Fraud: गलती से APK फाइल इंस्टॉल हो जाए तो तुरंत करें ये काम
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ मुकेश चौधरी के अनुसार, APK फाइल इंस्टॉल करते ही उसमें मौजूद मैलवेयर मोबाइल के एसएमएस, कॉन्टैक्ट और नोटिफिकेशन का एक्सेस हासिल कर सकता है। इसके जरिए ठग ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी चुराकर खाते से पैसे निकाल सकते हैं।
अगर गलती से संदिग्ध APK फाइल इंस्टॉल हो जाए, तो तुरंत ये कदम उठाएं:
मोबाइल का इंटरनेट बंद कर दें और फोन को एयरप्लेन मोड में डालें।
किसी दूसरे सुरक्षित फोन से अपने बैंक से संपर्क कर खाते और यूपीआई सेवाओं को अस्थायी रूप से ब्लॉक कराएं।
संदिग्ध ऐप को हटाने और मोबाइल की सुरक्षा जांच कराने के लिए विशेषज्ञ की मदद लें। जरूरत पड़ने पर फोन को फैक्ट्री रीसेट कराएं।
संदिग्ध मैसेज, भेजने वाले नंबर और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
नजदीकी साइबर थाने या पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क को सूचना दें।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
Cyber Fraud: साइबर ठगी से बचने के लिए क्या करें और क्या नहीं
साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। अनजान नंबर से व्हाट्सऐप पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध ऐप इंस्टॉल होने पर तुरंत इंटरनेट बंद कर साइबर ठगी की सूचना 1930 हेल्पलाइन पर देनी चाहिए।
क्या करें
ऐप केवल आधिकारिक गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें।
किसी भी फाइल को इंस्टॉल करने से पहले उसके स्रोत की जांच करें।
मोबाइल में ऐप की परमिशन नियमित रूप से चेक करें।
बच्चों और बुजुर्गों को अनजान फाइल नहीं खोलने के प्रति जागरूक करें।
बैंक खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें।
क्या न करें
अनजान लिंक या संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड न करें।
बिजली बिल, आरटीओ चालान या सरकारी योजना के नाम पर आई फाइल इंस्टॉल न करें।
किसी अनजान ऐप को एसएमएस और नोटिफिकेशन पढ़ने की अनुमति न दें।
अनजान लोगों के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंकिंग पासवर्ड साझा न करें।
लालच भरे ऑफर और मुफ्त इनाम के झांसे में न आएं।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
Highlights


















