पटना : बिहार पुलिस सिपाही फिजिकल परीक्षा के दौरान पटना पुलिस ने बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा है। शुक्रवार को आयोजित परीक्षा में बायोमेट्रिक अटेंडेंस मिलान नहीं होने पर अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद दो अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में पता चला कि इन अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास करने के लिए स्कॉलर की मदद ली थी। पकड़े गए अभ्यर्थियों में एक औरंगाबाद और दूसरा सासाराम का रहने वाला है। दोनों ने लिखित परीक्षा के लिए एक स्कॉलर को अपनी जगह परीक्षा देने के लिए एक-एक लाख रुपए की डील की थी। परीक्षा में स्कॉलर का बायोमेट्रिक अटेंडेंस दर्ज हुआ था, लेकिन जब ये अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे, तो उनकी बायोमेट्रिक पहचान मैच नहीं हुई।
गर्दनीबाग थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सेंटर पर अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों अभ्यर्थियों ने जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि लिखित परीक्षा में स्कॉलर ने उनकी जगह बैठकर परीक्षा दी थी। पुलिस अब स्कॉलर और उसके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने कहा कि यह फर्जीवाड़ा केवल एक घटना तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसमें एक बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है। पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है और स्कॉलर के नेटवर्क को खंगाल रही है।
यह भी पढ़े : BPSC छात्रों को आज समर्थन देने गर्दनीबाग पहुंचेंगे खान सर व गुरु रहमान
यह भी देखें :



















