मैगरा/गया : बुधवार को मैगरा चंद्रवंशी चबूतरा पर अखिल भारतीय चंद्रवंशी क्षत्रिय महासभा के डूमरिया प्रखंड इकाई के द्वारा जरासंध की 5224 जयंती धूमधाम से मनायी गयी. इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष पप्पू सिंह चंद्रवंशी, विशिष्ट अतिथि के तौर पर महामंत्री नरेश सिंह चंद्रवंशी मौजूद थे. इस जयंती की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी और संचालन देवनंदन सिंह चंद्रवंशी ने किया. पप्पू सिंह ने बताया कि हमारा समाज एकजुट रहे इसके लिए समाज में शिक्षा का बहुत महत्त्व है. लेकिन हमारा समाज इसपर ध्यान नहीं देता है. सभी लोगों से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अपने बच्चे को शिक्षित जरूर करें.
जिला महामंत्री नरेश सिंह ने कहा कि जरासंध की जयंती धूमधाम से मनायी जा रही है. लोग अब भूलते जा रहे हैं और जरासंध के इतिहास का वर्णन करने से युवा पीढ़ी अपने इतिहास को जानेगी. सामाजिक कार्यकर्ता पवन चंद्रवंशी ने बताया कि सभी चंद्रवंशी अपने नाम के टाइटल चंद्रवंशी जरूर लगाएं और समाज एकजुट रहे ये ज़रूरी है. उन्होंने कहा कि मैगरा में चंद्रवंशी भवन का निर्माण बहुत जल्द कराया जाएगा. जयंती में अशोक सिंह चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष विजय सिंह चंद्रवंशी, पवन सिंह चंद्रवंशी, अमित चंद्रवंशी, सहित कई चंद्रवंशी समाज के लोग भी शामिल हुए.
रिपोर्ट : राम मूर्ति पाठक

















