Patna- शादी के हैंगओवर से बाहर निकल अपने पुराने रंगत में लौट तेजस्वी यादव पहली बार आरजेडी कार्यालय पहुंचे. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत और शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला. तेजस्वी यादव ने कहा है कि हमारी पार्टी ए टू जेड की पार्टी है और हम सभी वर्गों को एक साथ आगे बढ़ने वाले हैं. रोजगार का दावा करने वाली वर्तमान सरकार में बेरोजगारी अपने चरम पर है. चारों तरफ भ्रष्टाचार है और मौजूदा सरकार इस पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं.
जातीय जनगणना को लेकर नीतीश कुमार द्वारा सर्वदलीय बैठक बुलाये जाने के बयान पर तेजस्वी यादव ने कहा कि कहा गया था कि दो-चार दिन में ही सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी, लेकिन अब तक कोई सूचना नहीं दी गई. सवाल तो यह है कि मुख्यमंत्री सर्वदलीय बैठक बुलाना ही क्यों चाहते हैं. जबकि सभी पार्टियों ने जातीय जनगणना को लेकर विधान मंडल में अपनी सहमति दे दी है, तो फिर सर्वदलीय बैठक का औचित्य क्या है. मुख्यमंत्री को जातीय जनगणना का काम शुरु करवाना चाहिए.
22 दिसंबर से मुख्यमंत्री का समाज सुधार को लेकर भी तेजस्वी यादव ने तंज कसा. तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले थाना में सुधार करें, उसके बाद समाज सुधार की. वैसे मुख्यमंत्री को जनता के बीच जाना ही चाहिए और हर जनप्रतिनिधि को जाना चाहिए.
भ्रष्ट्राचार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि अब तक एनडीए की सरकार में इसी बिहार में 75 घोटाले हुए हैं. सरकार को उस पर सुधार करनी चाहिए. सीएजी की जो रिपोर्ट है उसके अनुसार इस सरकार के द्वारा अब तक दो लाख हजार करोड़ लेखा-जोखा नहीं दिया गया है. इसमें सुधार की जरुरत है तब ही मुख्यमंत्री समाज सुधार की बात करें तो बेहतर होगा.
किसानों और खाद के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इन दिनों रवि फसल की बोआई चल रही है. लेकिन किसान किसानी छोड़ खाद का जुआड़ करने में लगे हैं. राज्य में यूरिया की भारी किल्लत और कालाबाजारी है. लेकिन डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद भी सरकार किसानों को खाद उपलब्ध नहीं करवा रही है, डबल इंजन की सरकार बिहार में बिल्कुल फेल है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्सी के लिए बीजेपी के साथ समझौता करने को विवश हैं.
रिपोर्टर – शक्ति







