नई दिल्ली : लैंड फॉर जॉब्स मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की आज दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी हुई। लेकिन थोड़ी देर बाद उन्हें कोर्ट ने जमानत दे दी है। तीनों ही लोगों को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी गई है। इस मामले पर अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होने वाली है। इस मामले में पेशी के लिए लालू परिवार दिल्ली भी पहुंचा हुआ था।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान लालू परिवार के तीन सदस्यों के अलावा 17 आरोपी अदालत में पेश हुए। लैंड फॉर जॉब्स मामले या कहें नौकरी के बदले जमीन मामले में ये एक नया केस है। इस मामले में तेजस्वी के साथ उनकी माता-पिता लालू और राबड़ी देवी को भी आरोपी बनाया गया है। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है और उसने तीन जुलाई को एक चार्जशीट भी दायर की थी, जिसमें तेजस्वी को आरोपी बनाया गया।

















