मुंगेर : मुंगेर से एक बड़ी खबर आ रही है जहां शराब पीने के आरोप में पकड़ाए युवक ने उत्पाद थाना मुंगेर के हाजत में बने शौचालय में गमछा से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। बुधवार की रात हवेली खड़गपुर अनुमंडल रोड से पुलिस ने नशे की हालत में युवक को गिरफ्तार किया था। दरअसल, मुंगेर में शराब माफियाओं और शराबियों को पकड़ने के लिए पुलिस के द्वारा रोज रात्रि में गस्ती कर पकड़ने का काम करती है। ताजा मामला में मुंगेर के तारापुर पुलिस के द्वारा खड़गपुर अनुमंडल रोड से शराब के नशे में चार और दो शराब बेचने वाले को गिरफ्तार किया गया था। जिसे मुंगेर सदर अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुष्टि होने के बाद सभी को मुंगेर उत्पाद थाना के हाजत में बंद कर आगे की कार्रवाई में जुट गई थी।
बता दें कि बुधवार की रात लगभग दो बजे हाजत में बंद अन्य बंदियों ने आवाज लगाकर उत्पाद विभाग के कर्मियों को बताया कि एक बंदी अमन कुमार जो की शौचालय गया था पर काफी देर से वह दरवाजा नहीं खोल रहा है। जिसके बाद उत्पाद इंस्पेक्टर सुमन कुमार सूचना के बाद हाजत पहुंच जब अन्य कर्मियों के मदद से हाजत का दरवाजा तोड़वाया तो युवक अमन ने शौचालय की खिड़की में गमछा की मदद से खुद को फांसी लगा कर लटका हुआ है। जिसे तत्काल गमछा कटवाकर कर्मियों के द्वारा सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद सारा उत्पाद विभाग में खलबली मच गई है। मृत युवक 22 वर्षीय अमन कुमार पिता उपेंद्र मंडल सहायक थाना शामपुर के बागेश्वरी गांव का रहने वाला है। तारापुर पुलिस के द्वारा उसे नशे की हालत में पकड़ा था।
इस मामले में उत्पाद इंस्पेक्टर सुमन कुमार ने बताया की जिले के दो जगहों पर उत्पाद थाना बना है। एक मुंगेर और दूसरा तारापुर में है। पर तारापुर भवन में अभी कई सुविधा नहीं है। जिस कारण तारापुर पुलिस के द्वारा पकड़े शराबियों को मुंगेर उत्पाद थाना के हाजत में रखा गया था। पर देर रात्रि एक बंदी अमन ने हाजत के शौचालय में फांसी लगा खुदकुशी कर ली है। जिसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस बात की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
अम्रितेश सिन्हा की रिपोर्ट




