रांची: ऑस्ट्रेलिया के लिए टॉम स्ट्रेकर ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिये टॉम स्ट्रेकर के छह विकेट और हैरी डिक्सन के अर्धशतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को यहां सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर एक विकेट की रोमांचक जीत हासिल कर आइसीसी अंडर-19 वनडे विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया, जिसमें उसका सामना गत चैंपियन भारत से होगा.
फाइनल रविवार को इसी स्टेडियम में खेला जायेगा. पाकिस्तान के खिलाड़ी तेज गेंदबाज स्ट्रेकर (24 रन देकर छह विकेट) के आगे संघर्ष करते रहे, जिससे टीम बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद महज 179 रन का स्कोर ही खड़ा पर पायी.
अगर अराफात मिन्हास (52 रन) और अजान अवेस (52 रन) के अर्धशतक नहीं होते तो यह स्कोर और कम होता. ऑस्ट्रेलियाई टीम भी पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे जूझती दिखीं, लेकिन इसके बावजूद 49.1 ओवर में नौ विकेट पर 181 रन बना कर फाइनल में पहुंचने में सफल रही.
इसमें डिक्सन (75 गेंद में 50 रन, पांच चौके) और ओलिवर पीके (75 गेंद में 49 रन, तीन चौके) की पारियों का अहम योगदान रहा. भारतीय टीम अपना नौवां फाइनल खेलेगी.


















