दशहरा की छुट्टियों में रांची से धार्मिक शहरों की यात्रा का क्रेज बढ़ा है। प्रयागराज, पुरी, देवघर, जम्मू और दिल्ली की ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं।
Ranchi Travel रांची: दशहरा की छुट्टियों में इस बार रांची के लोगों का सफर सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहने वाला है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन की योजना बना रहे हैं। इसके लिए ट्रेन, फ्लाइट और बसों में अभी से टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। 8 से 20 अक्टूबर के बीच प्रयागराज, पुरी, देवघर, जम्मू और दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं।
कई ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी की अधिकांश सीटें बुक हो चुकी हैं, जबकि एसी श्रेणी में भी सीमित सीटें ही बची हैं। कुछ ट्रेनों में वेटिंग और आरएसी की स्थिति बन गई है। यात्रियों की बढ़ती मांग का असर हवाई किराए पर भी दिखने लगा है। डायनेमिक फेयर के कारण कई रूट पर फ्लाइट टिकट महंगे हो रहे हैं।
Ranchi Travel:धार्मिक शहर यात्रियों की पहली पसंद
दशहरा की लंबी छुट्टियों में इस बार रांची के यात्रियों की पसंद में धार्मिक शहर सबसे ऊपर नजर आ रहे हैं। कई परिवार काशी विश्वनाथ मंदिर और अयोध्या में रामलला के दर्शन की योजना बना रहे हैं। वहीं पुरी के जगन्नाथ मंदिर और देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है।
ट्रेनों में लगातार बढ़ती बुकिंग से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार बड़ी संख्या में लोग दशहरा की छुट्टियों को धार्मिक यात्रा के साथ जोड़ने की तैयारी में हैं।
Ranchi Travel:प्रयागराज, दिल्ली और पुरी की ट्रेनों में बढ़ी वेटिंग
रांची और हटिया से चलने वाली कई ट्रेनों में अक्टूबर की तारीखों के लिए सीटों की उपलब्धता तेजी से कम हो रही है। 12873 हटिया आनंदविहार ट्रेन में सेकेंड और थर्ड एसी में कुछ सीटें ही उपलब्ध हैं, जबकि स्लीपर में वेटिंग चल रही है। 12877 रांची नई दिल्ली गरीब रथ में अक्टूबर के कई दिनों में वेटिंग 7 से 30 तक पहुंच गई है।
पुरी जाने वाली 18451 तपस्विनी एक्सप्रेस में भी एक दो दिन को छोड़कर अधिकांश श्रेणियों में 80 प्रतिशत से अधिक सीटें बुक हो चुकी हैं। वहीं 18609 रांची एलटीटी एक्सप्रेस में 7, 14 और 21 अक्टूबर को सभी श्रेणियों में वेटिंग की स्थिति बताई जा रही है।
Key Highlights
- दशहरा की छुट्टियों में रांची से धार्मिक पर्यटन का क्रेज बढ़ा।
- प्रयागराज, पुरी, देवघर, जम्मू और दिल्ली की ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रहीं।
- कई ट्रेनों में स्लीपर और एसी श्रेणी में वेटिंग या आरएसी की स्थिति।
- तपस्विनी एक्सप्रेस और रांची गोड्डा एक्सप्रेस में सीटों की उपलब्धता तेजी से घट रही।
- बढ़ती मांग और डायनेमिक फेयर के कारण फ्लाइट टिकट भी महंगे होने लगे।
Ranchi Travel:देवघर, जम्मू और कोलकाता रूट पर भी बढ़ी मांग
धार्मिक यात्रा के लिहाज से देवघर जाने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। 18603 रांची गोड्डा एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास की 80 प्रतिशत से ज्यादा सीटें भर चुकी हैं। 15027 संबलपुर गोरखपुर एक्सप्रेस में भी स्लीपर की उपलब्धता बेहद सीमित है और कई तारीखों में वेटिंग चल रही है।
जम्मू और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी सीटों की उपलब्धता तेजी से घट रही है। 18309 संबलपुर जम्मू एक्सप्रेस में कई दिनों में एसी और स्लीपर श्रेणी में वेटिंग है। वहीं 12817 हटिया आनंदविहार ट्रेन में 16 से 21 अक्टूबर के बीच कई तारीखों में वेटिंग, आरएसी या सीमित सीटों की स्थिति बनी हुई है।
कोलकाता जाने वाले यात्रियों की संख्या भी दशहरा और दुर्गा पूजा के कारण बढ़ने की उम्मीद है। 18616 रांची हावड़ा क्रियायोग एक्सप्रेस में स्लीपर की करीब 75 प्रतिशत सीटें भर चुकी हैं और 15, 16 तथा 17 अक्टूबर को आरएसी की स्थिति है। 18628 रांची हावड़ा इंटरसिटी की एसी बोगियों में भी सीमित सीटें उपलब्ध हैं। नॉन एसी चेयरकार में भी बुकिंग तेजी से हो रही है।


















