पटना : बजट सत्र को लेकर बिहार विधानसभा व विधान परिषद में कार्यवाही चल रही है। जदयू विधायक नरेंद्र नारायण यादव को सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा का उपाध्यक्ष चुन लिए गए हैं। आज विधानसभा की कार्यवाही जैसे ही प्रारंभ हुई, वैसे ही उपाध्यक्ष का निर्वाचन हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ने उनके प्रस्तावकों के नाम की घोषणा की और निर्वाचित घोषित किया। नरेंद्र नारायण यादव के उपाध्यक्ष बनाए जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजद नेता भाई बीरेंद्र , कांग्रेस के अजीत शर्मा, माले से महबूब आलम, सीपीएम से अजय कुमार, सीपीआई से राम रतन सिंह और एआईएमआईएम के अखतरुल ईमान ने बधाई दी। पूर्व डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने भी बधाई दी।
नरेंद्र नारायण यादव बिहार विधानसभा के 19वें उपाध्यक्ष होंगे। इस पद पर अभी तक महेश्वर हजारी तैनात थे। बीते दिनों उन्होंने स्वेच्छा से अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, जिसके बाद रिक्त पद पर नरेंद्र यादव नारायण यादव ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। नरेंद्र नारायण यादव मधेपुरा के आलमनगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र से जीतकर आते हैं। वह 1995 से लगातार अब तक विधानसभा पहुंचने वाले पुराने सदस्यों में शामिल हैं।
उपाध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद नरेंद्र नारायण यादव ने अपने पहले संबोधन में पंच परमेश्वर को याद किया और कहा कि पंच न किसी के मित्र होता है न ही शत्रु। पंच परमेश्वर भगवान होता है और उसके जिव्हा पर ईश्वर बैठता है। उन्होंने इस पद तक लाने के लिए सदन के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट







