रांची: राज्य के 1353 अपग्रेड हाइस्कूल के शिक्षकों को अब वेतन मिलने में विलंब नहीं होगा. शिक्षकों को अब समय पर वेतन मिलेगा. इसे लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने दिशानिर्देश जारी किया है.
विद्यालय के शिक्षकों के पद को अब योजना मद से गैर योजना मद में स्थानांतरित कर दिया गया है, शिक्षकों का पद योजना मद में होने से वेतन के लिए राशि आवंटन की प्रक्रिया में विलंब होता था, इस कारण शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिलता था.
संगठन काफी दिनों से इसकी मांग कर रहे थे. इन विद्यालयों में वर्तमान में 8171 शिक्षक कार्यरत हैं. ये विद्यालय वर्ष 2006-07 से वर्ष 2013-14 के बीच मध्य विद्यालय से उच्च विद्यालय में अपग्रेड हुए थे. वर्ष 2006-07 में नी विद्यालयों को हाइस्कूल में अपग्रेड किया गया था.
इन विद्यालयों में प्रति विद्यालय 14 पद सृजित किये गये थे. इसके बाद उत्क्रमित विद्यालय में प्रति विद्यालय 15 पद सृजित किये गये हैं. नव उत्क्रमित विद्यालय में वर्ष 2015 से शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है. जेएसएससी को 17784 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी गयी थी. इनमें से 9916 शिक्षकों की नियुक्ति की अनुशंसा की गयी है, जिनमें से वर्तमान में 8171 शिक्षक कार्यरत हैं.


















