रांची: टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के सीधाटोली में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला कांति देवी से बाइक सवार अपराधी ने सोने का चेन छीनकर फरार हो गया। इस संबंध में महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कांति ने बताया कि वह शाम में घर के पास टहल रही थी, इसी दरम्यान बाइक पर सवार हेलमेट पहने और गमछा से मुंह बांधे एक व्यक्ति उसके पास पहुंचकर पीछे से पीठ थपथपाया।
वह पीछे मुड़कर देखी तो वह युवक कान में पहने झुमका छीनने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसकी नजर गले में सोने की चेन पर पड़ गई। झुमका छोड़कर वह गले में पहने सोने की चेन को तोड़कर फरार हो गया।
कांति काफी घबरा गई। वह चीखने-चिल्लाने लगी। तब तक वह व्यक्ति तेज गति में बाइक से निकल गया। कांति के पति रिटायर्ड इंजीनियर राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि उनकी शादी के 50 वर्ष पूरे होने पर चार दिन पहले पत्नी को चेन गिफ्ट किया था। चेन का मूल्य 60 हजार रुपए है। इस घटना से महिलाओं में डर का माहौल है।


















