रांची: झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी मेडिकल पाठ्यक्रम के लिए राज्य कोटे की कुल 117 सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने कॉलेजवार और विभागवार उपलब्ध सीटों की सूची जारी की है।
रिम्स, रांची के 18 विभागों में 40 सीटें नामांकन के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें सभी ओपन सीटें हैं। एमजीएम, जमशेदपुर के 14 विभागों में 21 सीटों पर नामांकन होगा, जिनमें 19 ओपन और 2 इन-सर्विस कोटे की सीटें शामिल हैं। एसएनएमसीएच, धनबाद के 2 विभागों में 5 सीटें उपलब्ध हैं, जो सभी ओपन कैटेगरी की हैं। इसके अलावा, रांची सदर अस्पताल के एक विभाग में एक सीट इन-सर्विस श्रेणी के अभ्यर्थी के लिए आरक्षित है।
इस बार पीजी मेडिकल नामांकन प्रक्रिया में बदलाव किए गए हैं। सभी राउंड की काउंसलिंग के लिए केवल एक बार ऑनलाइन पंजीकरण की आवश्यकता है, जिसकी अंतिम तिथि 1 अक्टूबर थी। पंजीकृत उम्मीदवारों की राज्य मेधा सूची तैयार की जाएगी, जो पहली, दूसरी, तीसरी काउंसलिंग और स्ट्रे राउंड की काउंसलिंग का आधार बनेगी।
बीएड संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त
तीन राउंड की काउंसलिंग के बाद भी झारखंड के बीएड संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने 136 बीएड संस्थानों में रिक्त सीटों की सूची जारी की है। कई संस्थानों में 50 से अधिक सीटें अभी तक खाली हैं।


















