रांची: दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए 95 ड्रॉप गेट स्थापित किए गए हैं। इन गेट्स के माध्यम से आगे वाहन नहीं जा सकेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को पैदल पंडाल की ओर जाने की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक ड्यूटी के लिए 1000 अतिरिक्त जवानों को पूरे शहर में तैनात किया गया है, जो दो शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। ड्रॉप गेट पर तैनात ट्रैफिक जवानों को निर्देशित किया गया है कि वे किसी भी वाहन सवार को आगे जाने की अनुमति नहीं देंगे।
आज से अगले 5 दिनों तक, सुबह 8 बजे से अगले दिन प्रातः 4 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, निजी और यात्री वाहनों का परिचालन प्रतिदिन शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक डाइवर्ट रूट से ही किया जाएगा। मेन रोड और रातू रोड पर शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक निजी वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा।
राजधानी में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 13 अक्टूबर तक 1600 अतिरिक्त जवान, 250 मजिस्ट्रेट और 400 होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। एसआईआरबी और रैप व जैप के जवानों को पूजा पंडालों के आस-पास सुरक्षा के लिए नियुक्त किया गया है।


















