डिजीटल डेस्क : एकनाथ शिंदे के फडणवीस कैबिनेट में शामिल होने पर सस्पेंस कायम। महाराष्ट्र में गुरूवार शाम को नई सरकार शपथ लेगी। इसका कार्यक्रम तय हो चुका है। नई सरकार के मुखिया भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ही होंगे। पेंच केवल एकनाथ शिंदे के फडणवीस के कैबिनेट में शामिल होने को लेकर है।
इसी बीच बुधवार तीसरे पहर महाराष्ट्र में महायुति नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद महायुति के नेताओं ने साथ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की है।
शिंदे बोले-‘अजित पवार को सुबह-शाम शपथ लेने का अनुभव’
महाराष्ट्र में बुधवार शाम राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद महायुति के तीनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माहौल मजाकिया हो गया। होने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने एकनाथ शिंदे से सरकार में रहने की गुजारिश की है। हालांकि, शिंदे ने ये नहीं बताया कि वो सरकार में शामिल होंगे या नहीं।
महायुति नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस में के दौरान जमकर ठहाके भी लगे। उसी दौरान एकनाथ शिंदे से शपथ लेने के बारे में सवाल हुआ तो जवाब में एकनाथ शिंदे ने कहा कि – ‘…शाम तक इंतजार करना होगा’। तभी बराबर में बैठे एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार ने कहा, ‘शाम तक उनका (एकनाथ शिंदे) पता चलेगा, लेकिन मैं तो शपथ लेने वाला हूं’।
फिर तुरंत उसके जवाब में एकनाथ शिंदे ने कहा कि – ‘दादा (अजित पवार) को सुबह और शाम को शपथ लेने का अनुभव है। वो दोनों समय शपथ लेना जानते हैं।’ एकनाथ शिंदे के इतना कहते ही वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे लेकिन इसके काफी गूढ़ सियासी मायने भी निकाले जाने लगे।
माना जा रहा है कि सबकुछ सामान्य दिखने के बावजूद एकनाथ शिंदे महयुति सरकार में शामिल होंगे या नहीं, इस पर पेच फंस गया है।

देवेंद्र फडणवीस बोले – सिर्फ तकनीकी शब्द हैं सीएम, डिप्टी सीएम …
बुधवार शाम को राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने देवेंद्र फडणवीस को अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। गुरूवार को शपथ ग्रहण समारोह होगा।
महायुति के नेताओं के प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि – ‘आज देर शाम तक मंत्रियों के नाम फाइनल होंगे। मुंबई में कल शाम 5.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। सीएम, डिप्टी सीएम सिर्फ तकनीकी शब्द हैं। हमने राज्यपाल से मुलाकात की है। शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए मेरे नाम की सिफारिश करते हुए पत्र दिया है।
…राज्यपाल ने हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह कल शाम 5.30 बजे पीएम मोदी की मौजूदगी में होगा। हमने जनता से जो वादे किए हैं, ये सरकार उन वादों को पूरा करेगी।
… मैं सभी का आभार व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद, ये हमारे लिए टेक्निकल मामला है। हम लोग आज तक संयुक्त रूप से निर्णय लेते रहे हैं।
…मैने एकनाथ शिंदे से कल विनती की है कि वो सरकार में रहें। उनकी ओर से सकारात्मक परिणाम होगा और अजित पवार भी शपथ लेंगे। दिल्ली दौरे लेकर इतना ही कह सकता हूं कि मैं किसी से मिलने नहीं, अपने काम से गया था’।

अजित पवार बोले – महाराष्ट्र में सरकार चलाने के लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे…
महायुति के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा कि – ‘हम महाराष्ट्र में सरकार चलाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। पार्टी से संबंधित गतिविधियों को महाराष्ट्र पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले और एनसीपी के सुनील तटकरे संभालेंगे’। वहीं, शिवसेना मुखिया एकनाथ शिंदे ने कहा कि –‘…मुझे खुशी है कि हमारी सरकार और हमारी टीम ने ढाई साल में जो काम किया है, वो उल्लेखनीय है। ये काम इतिहास में दर्ज होगा’।



















