गया: नगर प्रखंड क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी निरंजन कुमार की पत्नी रीना देवी पर स्थानीय लोगों ने ठगी का आरोप लगाया है. मगध विश्वविद्यालय अंतर्गत शेखवारा पंचायत के खरांटी गांव की महिलाओं ने रीना देवी पर ठगी का आरोप लगाया है. इस संबंध में गांव की 47 महिलाओं और पुरूषों ने मगध विश्वविद्यालय थाना में मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि रीना देवी ने लॉकडाउन 2021 के दौरान अप्रैल माह में ग्रामीणों से वसूली की थी. उस समय रीना देवी का कहना था कि मई 2021 में सभी को बैंक से पांच-पांच लाख रूपए लोन उपलब्ध कराया जाएगा. जिसके एवज में रीना ने ग्रामीणों से दो लाख ग्यारह हजार रूपए की वसूली की थी. इनमें से 41 लोगों से पांच-पांच हजार, तीन से चार-चार हजार, एक से अठारह हजार रूपए, एक से 15 हजार व एक से दो हजार रूपए की वसूली की थी.
लेकिन सात माह बीत जाने के बाद भी जब वसूल की गयी राशि के संबंध में ग्रामीणों को कोई जानकारी नहीं मिली. तो उन्होंने इस संबंध में रीना देवी पर राशि वापस करने का दबाव बनाया. जिसके बाद कुछ लोगों को राशि वापस की गयी. लेकिन अधिकांश लोगों को अबतक राशि की वापसी नहीं हुई है और ना ही लोन प्राप्त हुआ है. मामले को लेकर लोग निरंतर रीना देवी से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान समय में रीना देवी की कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो रही है.
रिपोर्ट- आशीष कुमार
जन संघर्ष मोर्चा ने प्रीपेड टैक्स वसूली के खिलाफ किया धरना प्रदर्शन


















