रांची. झारखंड़ के लोकगायक 83 वर्षीय महावीर नायक को कला क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। झारखंड़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने पद्मश्री महावीर नायक के आवास में जाकर उन्हें बधाई दी है।
महावीर नायक को पद्मश्री पुरस्कार
मौके पर दीपक प्रकाश ने कहा है कि यह अत्यन्त गर्व का क्षण है। झारखंड़ की विभूति को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाना, उनकी कड़ी मेहनत और अपने कार्यक्षेत्र में की गई सेवा का सच्चा सम्मान है। महावीर नायक ठेठ नागपुरी गीत की धारा है। महावीर नायक को उनकी अलग गायकी के लिए जाना जाता है। वह सभी रागों के गाने में पारंगत हैं। उन्हें प्रगतिशील गायन शैली के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।
दीपक प्रकाश ने महावीर नायक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि भाजपा ने झारखंड़ बनाया है और मोदी सरकार लगातार झारखंड़ की विभूतियों को सम्मानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल इनकी उपलब्धियों को रेखांकित करता है, बल्कि समाज को प्रेरणा भी प्रदान करता है।
बता दें कि, 83 वर्षीय महावीर नायक करीब 60 प्राचीन लोकगीतों को संरक्षित-संवर्द्धन करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। अब तक 500 से अधिक लोकगीतों की रचनाएं लिख चुके हैं। महावीर नायक को भिनसरिया राग के राजा भी कहा जाता है। उन्होंने गायकी के अलावा झारखंड में अलग राज्य के लिए आंदोलन किया। महावीर नायक एचईसी में भी काम कर चुके हैं।


















