Ranchi: झारखंड में प्री-मॉनसून गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आज गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी Ranchi में बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले दिनों में 3 से 5 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। खासकर तीन से पांच जून के बीच राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों के तहत दर्ज की जा रही है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मॉनसून की देरी: केरल में स्थिर, झारखंड में देर
केरल में मॉनसून की औपचारिक दस्तक हो चुकी है, लेकिन उसके स्थिर बने रहने के कारण झारखंड में मानसून की आमद में कुछ देरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में मानसून 10 से 15 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मॉनसून आने में देर है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, “प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं। नमी युक्त हवाएं बंगाल की खाड़ी से पूर्वी झारखंड की ओर बढ़ रही हैं, जिससे गरज-चमक की स्थिति बन रही है। आने वाले सप्ताह में इसकी तीव्रता बढ़ सकती है।”
राज्य में गर्मी से राहत की उम्मीद
पिछले कुछ दिनों से झारखंड के अधिकतर हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना हुआ है। हालांकि, हल्की बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में कुछ गिरावट देखी जा सकती है। जून के पहले सप्ताह में संभावित वर्षा से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
Ranchi: अभी तक की बारिश का आंकड़ा
प्री- मॉनसून के तहत राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रांची में 1 मार्च से अब तक 211.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि बोकारो में 356.8 मिमी, जमशेदपुर में 298.9 मिमी और चाईबासा में 336.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश खूंटी के अड़की में 99 मिमी रिकॉर्ड की गई।
तापमान का हाल
शनिवार को मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रांची और जमशेदपुर में तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है। बोकारो में तापमान 33.5 और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



















