रांची: नकली नोट के जरिए मोबाइल खरीदने की कोशिश करने वाला एक नाबालिग तब पकड़ा गया जब दुकानदार को नोटों की सीरीज संदिग्ध लगी। यह मामला लोअर बाजार थाना क्षेत्र का है, जहां की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान नामकुम कालीनगर निवासी सुभाष प्रसाद (58) के रूप में हुई है, जो एक पूर्व सैनिक (एक्स आर्मी मैन) हैं।
रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि सुभाष प्रसाद का नाबालिग बेटा बुधवार को सुधा कॉम्प्लेक्स स्थित एक मोबाइल दुकान में गया था और वहां 500-500 रुपये के 8 नकली नोट देकर मोबाइल खरीदने की कोशिश की। दुकान संचालक को शक हुआ क्योंकि सभी नोट एक ही सीरीज के थे। उसने तत्काल लोअर बाजार थाना को सूचना दी और नाबालिग को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने पूछताछ में जब नाबालिग से जानकारी ली तो उसने अपने पिता के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने नामकुम स्थित उनके घर पर छापेमारी की, जहां से 500 रुपये के कुल 29 नकली नोट और बरामद किए गए। सुभाष प्रसाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने बताया कि बिहार में ट्रेन से सफर के दौरान उन्हें लावारिस हालत में कुछ सामान मिला था, जिसमें ये नोट भी थे।
फिलहाल लोअर बाजार थाना की पुलिस ने सुभाष प्रसाद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि यह नकली नोटों का कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।


















