रिम्स-2 विवाद में गीताश्री उरांव समेत 71 के खिलाफ FIR दर्ज, कांके में पुलिस और ग्रामीणों की झड़प, कई घायल, विस्तृत रिपोर्ट।
रांची: कांके थाना क्षेत्र स्थित नगड़ी में रिम्स-2 की प्रस्तावित भूमि पर हुए विवाद के दौरान सोमवार को 71 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। यह मामला उस समय हुआ जब ग्रामीण आंदोलन के दौरान पुलिस पर हमला कर बैठे। प्राथमिकी में पूर्व मंत्री और अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद की प्रदेश अध्यक्ष गीताश्री उरांव, भाजपा एससी मोर्चा के नेता कमलेश राम, जेएलकेएम नेता देवेंद्र महतो, आदिवासी विकास परिसद के अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा, हातमा के पाहन जगलाल पाहन और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत समेत 65 अन्य नामजद हैं।

Key Highlights:
कांके थाना क्षेत्र में रिम्स-2 विवादित भूमि पर आंदोलन के दौरान पुलिस पर हमला
71 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जिसमें गीताश्री उरांव और कई नेताओं के नाम शामिल
ग्रामीणों ने ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत धान की रोपाई की
पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज किया; कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल
आरोप: आक्रोश भड़काने, सरकारी काम में बाधा और निषेधाज्ञा का उल्लंघन
कांके सीओ अमित भगत के आवेदन के आधार पर पुलिस ने इन लोगों पर आक्रोश भड़काने, हथियार के साथ पुलिस पर जानलेवा हमला करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
मालूम हो कि रविवार को जिला प्रशासन ने विवादित भूमि पर ग्रामीणों के आंदोलन को रोकने के लिए सुबह से ही बैरिकेडिंग की थी। इसके बावजूद लगभग दो हजार ग्रामीण पगडंडियों और वैकल्पिक रास्तों से पहुंच गए। उन्होंने ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत धान की रोपाई की। पुलिस ने उन्हें हटने के लिए कहा, लेकिन ग्रामीण उग्र हो गए और अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। झड़प में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, सिल्ली डीएसपी और कांके थानेदार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए। ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं।


















