मुख्यमंत्री ने रोहतास जिला अंतर्गत 921 करोड़ की 124 योजनाओं का किया उ‌द्घाटन व शिलान्यास

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज रोहतास जिला अंतर्गत सासाराम के बेदा नहर स्थित कार्यक्रम स्थल से 921 करोड़ रुपए लागत की कुल 124 योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 294 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से सड़क, पुल, भवन एवं विकास संबंधी कुल 87 योजनाओं का उद्घाटन किया। साथ ही 111 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से सड़क, पुल, भवन एवं विकास संबंधी कुल 28 योजनाओं का शिलान्यास किया।

प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित निर्माण कार्य भी शामिल हैं

इन योजनाओं में प्रगति यात्रा के दौरान की गयी घोषणाओं से संबंधित निर्माण कार्य भी शामिल हैं जिनमें 177 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से डिहरी-अकोढ़ीगोला-तेतराढ़-राजापुर पथ, आयरकोठा-अकोढ़ीगोला-अमरा तालाब पथ का चौड़ीकरण कार्य, 54 करोड़ नौ लाख की लागत से कोचस में आरा-मोहनिया पथ पर बाईपास का निर्माण कार्य, नौ करोड़ की लागत से पुरानी जीटी रोड से बबुरा मेन कैनाल पथ का चौड़ीकरण कार्य, छह करोड़ की लागत से डिहरी-बिक्रमगंज-दिनारा बाजार भाग एवं नटवार बाजार भाग में नाला का निर्माण कार्य, 147 करोड़ की लागत से कुदरा-चेनारी-मल्हीपुर पथ का चौड़ीकरण कार्य, 26 करोड़ 77 लाख की लागत से नोखा नासरीगंज पथ में सोन नहर पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य, 66 करोड़ 89 लाख की लागत से रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक पथ का निर्माण कार्य, 25 करोड़ 98 लाख की लागत से इंद्रपुरी जलाशय के पास पर्यटन हाट का निर्माण कार्य, दो करोड़ 67 लाख की लागत से कोचस में पुराने बस स्टैंड की जगह नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य शामिल है।

DIARCH Group 22Scope News

जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को उनके लिए किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित पेंशनधारी लाभुकों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका सहित अन्य लाभुकों के साथ संवाद किया। वहां उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं की पेंशन राशि बढ़ाकर 400 रुपए से 1100 रुपए किया गया है। इसके अलावा गृह रक्षकों का दैनिक भत्ता 774 रुपए से बढ़ाकर 1121 रुपये, आंगनबाड़ी सेविका के सात हजार रुपए से बढ़ाकर नौ हजार रुपए, आंगनबाड़ी सहायिका का मानदेय चार हजार रुपए से बढ़ाकर 4500 रुपए, विद्यालय रात्री प्रहरी का मानदेय पांच हजार रुपए से बढ़ाकर 10 हजार रुपए, किसान सलाहकारों का मानदेय 13 हजार रुपए से बढ़ाकर 21 हजार रुपए तथा आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। इससे हम सभी लोग काफी खुश हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली फ्री करने से हम लोगों को बहुत फायदा हो रहा है। इससे होने वाली बचत राशि का उपयोग हमलोग अन्य विकास कार्यों में कर रहे हैं।

जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को उनके लिए किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से कहा कि आप सभी लोग लोग बहुत अच्छा काम कर रही हैं। इसी प्रकार पूरी बुलंदी के साथ काम करते रहिए और आगे बढिये। सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा कि आप लोग अच्छे से मिल-जुलकर रहें तथा बिहार को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान दें।

CM नीतीश के साथ डिप्टी सीएम, सांसद सहित कई मंत्री रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यसभा सांसद सह जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, विशेष सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, नीलेश रामचन्द्र देवरे, रोहतास प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्य प्रकाश, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारीगण, लाभार्थीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।

Nitish Sasaram 1 22Scope News

भभुआ में NDA कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज जगजीवन स्टेडियम भभुआ में कैमूर जिला के एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी यहां बड़ी संख्या में उपस्थित हुए हैं। मैं आप सभी का अभिनंदन करता हूं। आप सभी जानते हैं कि 24 नवंबर 2005 को बिहार में हमारी सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज कायम है। प्रारंभ से ही हमलोग बिहार के विकास में लगे हुए हैं। आप सभी अवगत हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बिहार का बहुत बुरा हाल था। शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में डरते थे। समाज में काफी झगड़ा होता था। पढ़ाई और इलाज की कोई सुविधा नहीं थी। सड़कें जर्जर थी। बिजली की आपूर्ति भी बदहाल थी। अब प्रदेश में किसी प्रकार का डर और भय का वातावरण नहीं है। चारों तरफ शांति का माहौल कायम है।

हमलोगों ने वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू कराई – नीतीश

नीतीश ने कहा कि हमलोगों ने वर्ष 2006 से ही कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू कराई। बड़े पैमाने पर कब्रिस्तानों की घेराबंदी की जा चुकी है। अब हिंदू-मुस्लिम के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं होता है। मंदिरों में पहले चोरी की घटनाएं हुआ करती थी। जिसको देखते हुए वर्ष 2016 से 60 वर्ष से अधिक पुराने हिन्दू मंदिरों की घेराबंदी भी की जा रही है। हर तबके को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। शिक्षा की स्थिति में सुधार लाने के लिए बड़ी संख्या में स्कूल खोले गए तथा शिक्षकों की बहाली की गई। बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से दो लाख 58 हजार सरकारी शिक्षकों की बहाली की गई है और आगे भी शिक्षकों के बहाली की जा रही है। नियोजित शिक्षकों की मामूली परीक्षा लेकर उन्हें सरकारी शिक्षक बनाया जा रहा है। अबतक दो लाख 62 हजार नियोजित शिक्षक सरकारी बन चुके हैं।

Nitish Sasaram 5 22Scope News

मुख्यमंत्री ने कहा- वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं काफी बदहाल थी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार की स्वास्थ्य सेवाएं काफी बदहाल थी। उस समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मात्र 39 मरीज हर माह इलाज कराने पहुंचते थे। हम लोगों ने वर्ष 2006 से सभी सरकारी अस्पतालों में दवा एवं इलाज की मुफ्त व्यवस्था सुनिश्चित कराई है। जिसका परिणाम है कि अब प्रतिमाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में औसतन 11 हजार 600 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। बिहार में पहले मात्र छह मेडिकल कॉलेज थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 12 हो गई है। 20 जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है, शेष जिलों में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में कार्य जारी है। हर प्रकार से विकास का काम किया जा रहा है। सभी छह पुराने मेडिकल कॉलेजों में से पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल का विस्तार करके उसे 5400 बेड तथा अन्य पांच पुराने मेडिकल कॉलेज को भी 2500 बेड का बनाया जा रहा है। आईजीआईएमएस का विस्तार करके उसे तीन हजार बेड का बनाया जा रहा है। अब लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो रही है। सरकारी अस्पतालों में ठीक ढंग से उपचार हो रहा है। इलाज के लिए अब किसी को मजबूरी में बिहार से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है।

यह भी देखें :

Nitish Sasaram 2 22Scope News

राज्य में बड़ी संख्या में सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है – नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में सड़कों एवं पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। हमलोगों ने वर्ष 2016 में बिहार के सुदूरवर्ती इलाके से पटना पहुंचने का छह घंटे का लक्ष्य निर्धारित किया था। उस लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है। अब बिहार के किसी भी कोने से पांच घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 से सात निश्चय-2 के तहत सभी योजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट, हर खेत तक सिंचाई का पानी, टेलीमेडिसिन, बाल हृदय योजना पर तेजी से काम चल रहा है।

बिहार में शुरू से ही युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है

बिहार में शुरू से ही युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्ष 2005 से 2020 के बीच आठ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई। फिर वर्ष 2020 में सात निश्चय-2 के तहत 10 लाख नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया। सरकार इस पर लगातार काम कर रही है और अबतक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 39 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। इस प्रकार दोनों को मिलाकर 49 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार मिल जाएगा। हमलोगों ने अब तय किया है कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार दिया जाएगा।

Nitish Sasaram 3 22Scope News

यह भी पढ़े : भभुआ में NDA कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री…

सलाउद्दीन की रिपोर्ट

Highlights

Nasha Mukt Bokaro Rally: नशे के खिलाफ बोकारो की हुंकार, DC-SP...

Nasha Mukt Bokaro Rally: सोमवार को बोकारो में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को रोकने और नशा-मुक्त समाज बनाने के मकसद से चलाए जा रहे...

VB-G RAM G योजनाओं में पारदर्शिता के लिए संसाधन सेवी को...

पटना : एक जुलाई से लागू होने वाली महत्वाकांक्षी विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G) योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने के लिए...

मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा- संगठित होकर बाजार से जुड़ें किसान,...

पटना : शहर के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ के परिसर में नाबार्ड की तरफ से 25 और 26 जून को आम...