Dhanbad: जिले के सदर थाना के पीछे स्थित बिजली विभाग के वर्कशॉप में सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप में रखे पुराने ट्रांसफॉर्मर और उपकरण चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तेज होने लगी और आस-पास के इलाके में दहशत फैल गई।
आग से बिजली विभाग को लाखों का नुकसान :
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब 2:30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए माइनिंग रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया था। घटना में वर्कशॉप को भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ठनका गिरने से आग लगने की आशंका :
प्राथमिक जांच में ठनका गिरने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
रिपोर्टः अनिल पांडे


















